ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे पर निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज का हिस्सा टूटा,पहले भी हुआ था हादसा
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नरकोटा में निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज का रूद्रप्रयाग की ओर से एक हिस्सा टूट गया है।
गनीमत रही कि उस समय पर साइट पर कोई भी मजदूर काम नहीं कर रहा था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नरकोटा में 110 मीटर स्पान का सिग्नेचर ब्रिज बनाया जा रहा है। इन दिनों ब्रिज का ऊपरी फ्रेम तैयार किया जा रहा था।
गुरुवार शाम को पुल का रुद्रप्रयाग की तरफ वाला टॉवर ढह गया, जिससे फ्रेम भी ध्वस्त हो गया। बता दें कि 2022 जुलाई में भी इस ब्रिज की शटरिंग ध्वस्त हो गई थी। तब, दो मजदूरों की मौत भी हो गई थी।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्दन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा कन्ट्रोल रूम को सूचना 4.15 पर सूचना प्राप्त हुई कि नरकोटा के पास निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज का एक हिस्सा टूट गया है। सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और घटना के सम्बंध में आर.सी.सी. कम्पनी के प्रोजेक्ट मैनेजर रूपेश मिश्रा से जानकारी प्राप्त की गई।
उन्होंने बताया कि आज 18 जुलाई 2024 को सायं 4.15 बजे नरकोटा में निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज का रूद्रप्रयाग की ओर से एक हिस्सा टूट गया है, जिसमें उस समय पर कोई भी मजदूर कार्य नहीं कर रहा था। बताया गया कि इस घटना में किसी भी मजदूर/कर्मचारी को किसी प्रकार से कोई हानी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि आपदा प्रबंधन टीम द्वारा भी घटना स्थल पर सर्च अभियान चलाया गया जिसमें कोई भी जन हानि नहीं हुई है।












Click it and Unblock the Notifications