Uttarakhand : यशपाल आर्य के कांग्रेस में आने के बाद हल्द्वानी बनी भाजपा, कांग्रेस के लिए हॉट सीट, जानिए क्यों
यशपाल आर्य के कांग्रेस में आने के बाद हल्द्वानी बनी भाजपा, कांग्रेस के लिए हॉट सीट
देहरादून, 10 नवंबर। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के कांग्रेस ज्वाइन करने के बाद हल्द्वानी हॉट सीट बन गई है। कांग्रेस ने 10 नवंबर को हल्द्वानी में विजय संकल्प शंखनाद रैली का आयोजन किया था, जो राज्य सरकार के स्थापना दिवस के मौके पर किए जा रहे उत्तराखंड महोत्सव की वजह से अब 11 नवंबर को आयोजित होगा। कांग्रेस ने यशपाल आर्य को चुनाव यात्रा में उतारने के लिए विजय संकल्प शंखनाद रैली का आयोजन किया है। ऐसे में यशपाल आर्य के हल्द्वानी से चुनाव लडने के कयास भी लगाए जा रहे हैं। जबकि भाजपा हल्द्वानी में खुद के लिए नए सिरे से जमीन तलाश रही है।

डॉ इंदिरा ह्र्दयेश के निधन के बाद बदले समीकरण
डॉ इंदिरा ह्र्दयेश के निधन के बाद से हल्द्वानी सीट पर भाजपा और कांग्रेस की नजर बनी हुई है। कांग्रेस की और से इंदिरा के पुत्र सुमित ह्रदयेश दावेदारी कर रहे हैं। लेकिन यशपाल आर्य के कांग्रेस में आने के बाद नए समीकरण बनने लगे हैं। वहीं भाजपा भी हल्द्वानी सीट के जरिए कुमाऊं में अपने नए समीकरणों पर फोकस करने में जुटी है। ऐसे में भाजपा सरकार ने देहरादून और गैरसेंण के बाद राज्य स्थापना दिवस के मौके पर एक सप्ताह तक आयोजित हो रहे उत्तराखंड महोत्सव का कार्यक्रम हल्द्वानी में आयोजित किया है। जो कि मंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि, आपदा के दौरान बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित करने के अलावा रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। भाजपा सरकार के इस कार्यक्रम का अब कांग्रेस विरोध पर उतर आई है।

कांग्रेस ने किया उपवास
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस मुख्यालय पर सांकेतिक उपवास किया। कांग्रेस पार्टी द्वारा 10 नवंबर को हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा द्वारा व्यवधान डालने की नीयत से लिए गए फैसले के खिलाफ गणेश गोदियाल सांकेतिक उपवास पर बैठे। कांग्रेस हल्द्वानी में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के कांग्रेस में शामिल होने के उपलक्ष्य में रैली की अनुमति नहीं मिलने पर नाराज हैं। इस दौरान कहा गया सरकार ने जानबूझकर आज प्रस्तावित रैली को अनुमति नहीं दी। इसके विरोध में बुधवार को सभी जिला व शहर मुख्यालयों में कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने उपवास और धरना दिया। कांग्रेस की 10 नवंबर को प्रस्तावित विजय संकल्प शंखनाद रैली 10 के बजाय अब 11 नवंबर को होगी।

हल्द्वानी से लड़ाने की तैयारी तो नहीं
यशपाल आर्य की घर वापसी के बाद से कांग्रेस यशपाल आर्य की इमेज को भुनाने में जुटी है। यशपाल आर्य प्रदेश के बड़े दलित चेहरे हैं। जिनका दलित सीटों के अलावा कुमाऊं और तराई सीटों पर भी प्रभाव है। ऐसे में कांग्रेस यशपाल आर्य के चेहरे को भुनाने के लिए बड़े कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसकी शुरूआत हल्द्वानी से विजय संकल्प शंखनाद के जरिए किया जा रहा है। पहले ये रैली पूर्व सीएम एनडी तिवारी के जन्म दिन पर आयोजित होना था। लेकिन आपदा के चलते ये कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए। अब 11 नवंबर को हल्द्वानी में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिससे हल्द्वानी सीट के अलावा कुमाऊं सीटों पर भी कांग्रेस यशपाल के प्रभाव का लाभ उठाने की कोशिश में है।












Click it and Unblock the Notifications