100 दिन पूरे करने के बाद अब सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बनाया नया कीर्तिमान, जानिए
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का बतौर सीएम एक साल पूरा किया
देहरादून, 4 जुलाई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बतौर मुख्यमंत्री एक साल पूरा कर लिया है। हाल ही में धामी सरकार के 100 दिन का कार्यकाल पूरा हुआ है। पुष्कर सिंह धामी ने पिछली बार आज के ही दिन अपने पहले कार्यकाल की शुरूआत की थी, जब विधानसभा चुनाव में जाने से पहले पार्टी ने तीरथ सिंह रावत को हटाकर धामी को सीएम की कुर्सी सौंपी थी।

4 जुलाई 2021 को ली थी पहली बार सीएम की शपथ
2017 के विधानसभा में भाजपा ने प्रचंड बहुमत की सरकार के साथ त्रिवेंद्र रावत के नेतृत्व में सरकार बनाई। जो कि 4 साल पूरा करने से पहले ही सीएम पद से हटा दिए गए। त्रिवेंद्र रावत के बाद तीरथ सिंह रावत को सीएम बनाया गया। लेकिन पार्टी ने संवैधानिक परिस्थितियों का हवाला देकर तीरथ को हटाकर 4 जुलाई 2021 को पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान सौंपी। इस तरह धामी ने आज बतौर सीएम एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस एक साल में धामी ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। धामी ने लगातार दो बार सीएम बनने का रिकॉर्ड तो बनाया ही, किसी पार्टी को दो बार सरकार लाने का मिथक भी तोड़ते हुए भाजपा को दोबारा सत्ता में लाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। हालांकि इस बीच सीएम ने ऐसा समय भी देखा जब पार्टी को जिताने के बाद भी वे अपना चुनाव हारे। 2017 में पुष्कर सिंह धामी खटीमा सीट से चुनाव जीते थे लेकिन 2022 में भाजपा की सरकार आने के बाद भी खुद हार गए। इसके बाद सीएम को लेकर कई तरह के कयास लगाए गए। लेकिन हाईकमान ने भी पुष्कर सिंह धामी पर विश्वास जताया और हारने के बाद भी कमान सौंप दी।
चंपावत में बनाया नया रिकॉर्ड
धामी ने 100 दिन के अंदर ही चंपावत से रिकॉर्ड मतों से चुनाव जीता और एक नया कीर्तिमान बनाया। धामी उत्तराखंड में सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीतने वाले मुख्यमंत्री बन गए। इसके बाद सीएम धामी ने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिन भी पूरे कर लिए। जिसमें कई ऐतिहासिक निर्णय लिए जा चुके हैं। सीएम धामी ने यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने का ऐलान कर एक बड़ा कदम उठाया है। जो कि जल्द ही धरातल पर आने वाला है। इसके साथ ही अपने एक साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री धामी ने देवस्थानम बोर्ड जैसे अहम मुद्दे को तीर्थ पुरोहितों के भारी विरोध के बाद वापस लेकर बड़ा कदम उठाया जिसके बाद धामी की लोकप्रियता सबसे ज्यादा बढ़ी है। इस दौरान धामी ने ताबड़तोड़ बैटिंग भी की है, जिस वजह से धामी को राजनीति में धाकड़ धामी के नाम से भी जाना जाने लगा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें फ्लावर के साथ फायर भी बताया तो पीएम नरेंद्र मोदी ने कई बार सार्वजनिक मंच से धामी की पीठ थपथपाई और जमकर तारीफ भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश
प्रिय प्रदेशवासियों, बाबा केदार, भगवान बदरी-विशाल, मां पूर्णागिरी, गोल्ज्यू देवता एवं देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा को अपनी कृपादृष्टि से अभिसिंचित करने वाले समस्त देवी-देवताओं की अनुकंपा व प्रदेश की सवा करोड़ देवतुल्य जनता के अपार स्नेह व आशीर्वाद से आज राज्य के मुख्य सेवक के रूप में एक वर्ष पूर्ण कर रहा हूं। मैं इस अवसर पर आप सभी का हृदय की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूं और एक बार पुन: उत्कृष्ट उत्तराखण्ड बनाने के अपने संकल्प को दोहराता हूं। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है और हमारी सरकार विकल्प रहित संकल्प के मंत्र के साथ कार्य करते हुए अंत्योदय के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु संकल्पबद्ध है। आइए हम सभी आदर्श नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन कर प्रदेश को हर क्षेत्र में एक श्रेष्ठ राज्य के रूप में स्थापित करने का प्रण लें। जय भारत - जय उत्तराखण्ड












Click it and Unblock the Notifications