भाजपा के बाद अब 'आप' हाईकमान ने उत्तराखंड में झोंकी ताकत, मनीष सिसोदिया और भगवंत मान उतरे मैदान में
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने भी चुनाव से पहले पूरी ताकत झौंकी
देहरादून, 16 नवबंर। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने भी चुनाव से पहले पूरी ताकत झौंक दी है। दिल्ली के सीएम और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार उत्तराखंड पर फोकस करते आ रहे हैं। लेकिन अब अब आम आदमी पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व ने अपने दिग्गजों को भी चुनाव मैदान में उतार दिया है। आप ने गढ़वाल और तराई को लेकर खास रणनीति के तहत दोनों बड़े चेहरों को उतारा है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने पहले देहरादून में देवभूमि बिजनेस डायलॉग कार्यक्रम में शिरकत की। उसके बाद उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए जहां 17 नवंबर को रोड शो के साथ ही दूसरे कार्यक्रम लगाए गए हैं। उत्तरकाशी जिला आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल की कर्म भूमि रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के लिए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। मनीष सिसौदिया से पहले आम आदमी पार्टी के पंजाब के अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने काशीपुर, जसपुर और बाजपुर तराई क्षेत्रों में रोड शो, रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाई।

मनीष ने व्यापारियों से किया संवाद
उत्तराखंड में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केन्द्रीय मंत्री के साथ ही चुनाव प्रभारी प्रह्रलाद जोशाी ने मोर्चा संभाला हुआ है। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी समय-समय पर उत्तराखंड आ रहे हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में अपने बड़े चेहरों को उतारकर दिल्ली मॉडल के जरिए पहाड़ में सत्ता पाने की कोशिश शुरू कर दी है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं। जहां मनीष ने पहले दिन देहरादून में व्यापारियों से संवाद किया। देवभूमि बिजनेस डायलॉग कार्यक्रम के तहत सिसोदिया ने उत्तराखंड के व्यापारियों से बातचीत की, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापार कर रहे व्यापारी मौजूद रहे। मनीष सिसोदिया ने तमाम व्यापारियों से ये आह्वान किया कि वह उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएं ताकि उत्तराखंड में आप की सरकार बनने के बाद व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो सके। मनीष सिसोदिया ने इस दौरान व्यापारियों से उत्तराखंड में हो रही परेशानियों के बारे में जानकारी ली। सिसोदिया ने व्यापारियों को दिल्ली सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
भगवंत मान ने तराई में दिखाई ताकत
भाजपा से किसानों की नाराजगी का राजनीतिक लाभ लेने के लिए आदमी पार्टी के पंजाब के अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने तराई सीटों पर अपनी ताकत दिखाई। काशीपुर में मान ने किसान संकल्प यात्रा निकाली। मान ने कहा कि सत्ता में आते ही आप किसानों को सात गारंटी देगी। मान ने कहा कि देश के साथ-साथ उत्तराखंड के किसान भाई बिल्कुल न घबराएं, क्योंकि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार आने पर किसानों को 24 घंटे फ्री बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने तीनों काले कृषि कानूनों को किसानों की मौत का वारंट बताया और कहा कि आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीनों काले कृषि कानूनों को उत्तराखंड में लागू ही नहीं होने देगी। किसानों की गेहूं और धान की फसल पच्चीस सौ तथा गन्ने की फसल 400 रुपए प्रति कुंतल की दर से खरीदी जाएगी। आप सांसद मान ने यह भी घोषणा की कि हमारी सरकार आने पर उत्तराखंड की बंद पड़ी शुगर मिलों को 90 दिन के भीतर दोबारा शुरू किया जाएगा और प्रदेश में पांच आधुनिक शुगर मिले और लगाई जाएंगी। इसके बाद भगवंत मान रोड शो करने के लिए जसपुर पहुंचे। यहां किसान संकल्प यात्रा में उन्होंने एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications