अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के लोगों का सरकार ने मांगा ब्योरा, जारी किया हेल्पलाइन नंबर
अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के लोगों का सरकार ने मांगा ब्योरा, जारी किया हेल्पलाइन नंबर
देहरादून, 19 अगस्त: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर तालिबानों का कब्जा हो गया है। तो वहीं, भारत का फोकस वहां पर फंसे भारतीय नगरिकों को निकालने पर है। इस बीच उत्तराखंड सरकार ने भी अफगानिस्तान में फंसे अपने लोगों को सकुशल वापस लाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सरकार ने लोगों से अफगानिस्तान में फंसे लोगों का ब्योरा मांगा है। साथ ही 112 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

दरअसल, सोशल मीडिया पर अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों ने मुख्यमंत्री से सकुशल स्वदेश वापसी की अपील की थी। इसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से बात की थी। उनके निर्देश पर अब अफगानिस्तान से स्वदेश लौटने के इच्छुक नागरिकों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। बता दें कि अपर मुख्य सचिव (गृह) आनंद बर्द्धन के मुताबिक,
उत्तराखंड के जो लोग अफ़गानिस्तान में हैं और स्वदेश वापस आना चाहते हैं। उनके परिजन संबंधित व्यक्ति का नाम, पासपोर्ट व अन्य विवरण सहित अपने जिले के जिलाधिकारी या एसएसपी को शीघ्र सूचित करें।
इतना ही नहीं, सरकार ने एक हेल्पलाइन नंबर 112 भी जारी किया है, जिस पर लोग अपने परिजनों का विवरण दे सकते है। उनका कहना है कि उत्तराखंड सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से अफगानिस्तान में रह गए अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयासरत है। बता दें कि आम आदमी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दिग्मोहन नेगी ने अफगानिस्तान के काबुल में फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से उचित कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान के हालात खराब हैं। उत्तराखंड के कई लोग काबुल में फंसे हैं, जिससे उनके परिजन चिंतित हैं।












Click it and Unblock the Notifications