उत्तराखंड में AAP ने लांच किया रोजगार गारंटी कार्ड, 20 दिनों तक गांव— गांव जाएंगे आप के 7000 कार्यकर्ता
उत्तराखंड में आप ने लांच किया रोजगार गारंटी कार्ड, 20 दिनों तक गांव— गांव जाएंगे आप के 7000 कार्यकर्ता
देहरादून, 6 अक्टूबर। उत्तराखंड चुनाव में रोजगार का मुद्दा सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया है। भाजपा सरकार ने चुनावी साल में 1 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार देने का दावा किया है तो कांग्रेस रोजगारों को जोड़ने के लिए पहले ही मिस कॉल के जरिए युवाओं को लुभाने में जुटी है। भाजपा और कांग्रेस को उत्तराखंड में कड़ी टक्कर दे रही आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले रोजगार गारंटी कार्ड लांच कर दिया है। जिसके जरिए गांवों में जाकर आप के कार्यकर्ता युवाओं को जोड़ने का काम करेंगें।

बिजली गारंटी के बाद रोजगार की गारंटी
उत्तराखंड चुनाव में तीसरे विकल्प के तौर पर उतर चुकी आम आदमी पार्टी लगातार होमवर्क के जरिए उत्तराखंड में अनूठे प्रयोग करने में जुटी है। बिजली गारंटी अभियान के बाद अब आप ने उत्तराखंड में रोजगार गारंटी कार्ड लांच कर दिया है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने बताया कि बिजली गारंटी अभियान की सफलता के बाद, अब आम आदमी पार्टी रोजगार गारंटी को घर घर पहुंचाने के लिए रोजगार गारंटी अभियान चलाने जा रही है। उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने अपने हल्द्वानी दौरे पर प्रदेश के बेरोजगारों को रोजगार देने संबंधी 6 मुख्य घोषणाएं की थी । इन सभी घोषणाओं को पूरा करने के लिए आप पार्टी कमर कस चुकी है और इस रोजगार गारंटी अभियान को घर घर पहुंचाने के लिए आप पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं।
20 दिन में 10 हजार रोजगार अधिकार सभाओं का आयोजन
आप पार्टी पूरे प्रदेश में इन दिनो कर्नल कोठियाल के नेतृत्व में रोजगार गारंटी यात्रा निकाल रही है। कुंमाऊॅ की कई विधानसभाओं में इन दिनों रोजगार गारंटी यात्रा चल रही है। प्रदेश प्रभारी ने बताया कि आप की रोजगार गारंटी अभियान को हर विधानसभा में घर-घर तक आप कार्यकर्ता पहुंचाने का काम करेंगे और पूरे प्रदेश में आप के 7000 कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर जहां लोगों को इस अभियान की जानकारी देंगे ,तो दूसरी ओर इस अभियान के अंतर्गत युवाओं के रजिस्ट्रेशन भी करवाए जाएंगे ताकि सरकार बनते ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता मिल सके। प्रभारी ने बताया कि आप पार्टी द्वारा शुरु किए गए इस अभियान को 20 दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा जिसमें इन 20 दिनों के भीतर प्रदेश में जगह जगह, 10 हजार रोजगार अधिकार सभाओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा इस अभियान से युवा डिजीटली या मिस्ड कॉल के जरिए भी अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इस अभियान से डिजिटल जुड़ने के लिए www.kejriwalrozgarguarantee.com पर लॉगिन कर सकते हैं और सीधे अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के युवाओं को एक मिस्ड कॉल के जरिए भी इस अभियान से जोडने का काम पार्टी करेगी जिसके लिए सभी युवाओं को 7669 100 300 पर मिस्ड कॉल करनी होगी । इसके अलावा जो पार्टी के लोग युवाओं का रजिस्टेशन करवाएंगे उन्हें घर-घर जाने के लिए, रोजगार गारंटी कार्ड,रजिस्ट्रेशन बुकलेट, पैंपलेट आदि जरुरी सामान दिया जाएगा ताकि युवाओं के रजिस्ट्रेशन के समय किसी भी दिक्कतें ना हों।
गांव स्तर पर संगठन मजबूत करने की पहल
भाजपा के पन्ना प्रमुख, बूथ स्तर और गांवों में प्रवास के बाद कांग्रेस ने 2 अक्टूबर पर अपने सीनियर नेताओं को ग्रामीण इलाकों में प्रवास के लिए भेजा था। जो कि कांग्रेस की भाजपा को ग्रामीण स्तर पर संगठन मजबूत करने की पहल मानी जा रही थी। अब आम आदमी पार्टी भी गांवों में अपना संगठन मजबूत करने में जुट गई है। रोजगार गारंटी यात्रा के जरिए आप युवाओं को जोड़ने के साथ ही ग्रामीण स्तर पर अपना संगठन मजबूत करने में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications