38वें राष्ट्रीय खेल: 9वें दिन मेडल टैली में उलटफेर,MP ने लगाई छलांग,उत्तराखंड भी रिकॉर्ड की और,टॉप 3 में कौन?
38th National Games NEWS: उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेल में मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे नंबर पर छलांग लगाई है। नौवें दिन के पदक तालिका में मध्य प्रदेश 34 पदकों (17 स्वर्ण, 7 रजत, 10 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
कर्नाटक 54 पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। कर्नाटक ने अब तक 28 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक जीते हैं। दूसरे स्थान पर सर्विसेज है, जिसने कुल 46 पदक (27 स्वर्ण, 10 रजत, 9 कांस्य) अपने नाम किए हैं।

महाराष्ट्र 82 पदकों के साथ सर्वाधिक कुल पदक जीतने वाला राज्य है, लेकिन इसमें स्वर्ण पदकों की संख्या 16 होने के कारण वह चौथे स्थान पर है। हरियाणा 51 पदकों के साथ पांचवें और तमिलनाडु 44 पदकों के साथ छठे स्थान पर बना हुआ है। मणिपुर, दिल्ली, केरल और पंजाब शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाए हुए हैं।
मेजबान राज्य उत्तराखंड भी नए रिकॉर्ड बना रहा है। उत्तराखंड अब तक कुल 33 पदक (4 स्वर्ण, 14 रजत, 15 कांस्य) जीत चुका है और वह पदक तालिका में 15वें स्थान पर है। हल्द्वानी में गौलापार स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में पुरूष फुटबाल के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में केरल ने असम को हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।इस मुकाबले में दोनों ही टीमें निर्धारित समय में बराबरी पर रही और पेनाल्टी शूटआउट में केरल 3-2 से विजयी रहा।
वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तराखण्ड ने दिल्ली को हराकर फाइनल में जगह बना ली है।इस मुकाबले में दोनों ही टीमें निर्धारित समय में एक-एक गोल से बराबरी पर रही और पेनाल्टी शूटआउट में उत्तराखंड ने पांचों पेनाल्टी शूटआउट गोल में परिवर्तित किए और 5-3 से विजयी हुई।
टिहरी जिले के शिवपुरी में गंगा नदी के तट पर आयोजित बीच वालीबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन हुए आठ टीमों के मध्य सेमीफाइनल मैच हुए। जिसमें चार टीमें फाइनल में पहुंची हैं। जिसमें महिला वर्ग में तमिलनाडु 01 और तेलंगाना 01 की टीम, जबकि पुरुष वर्ग में तेलंगाना 02 और आंध्र प्रदेश 02 की टीम पहुंची।
बृहस्पतिवार को फाइनल मुकाबला होने के बाद मेडल सेरिमनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्य विजेता और उप विजेता टीम को मैडल और ट्रॉफी वितरित करेगी। लॉन बॉल स्पर्धा के कई रोमांचक फाइनल मुकाबले खेले गए। झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि दिल्ली, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड ने भी खिताबी जीत दर्ज की।












Click it and Unblock the Notifications