यूपी: किशोरी से छेड़छाड़ करना पड़ा भारी, सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया
इलाहाबाद। कौशांबी सरायअकिल इलाके में एक किशोरी से छेड़खानी करना मनचले को भारी पड़ गया। पहले तो ग्रामीणों ने शोहदे की जमकर पिटाई की फिर सिर मुड़वाकर पूरे गांव में घुमाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र इलाके की रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी का आरोप है कि इलाके के दरहा निवासी होमगार्ड रणधीर का बेटा बड़ेलाल आए दिन फोन करके उसे परेशान करता था। पीड़िता ने बताया कि एक हफ्ते पहले जब वह अपने छोटे भाई के साथ जा रही थी, तब बड़ेलाल ने उसका हाथ पकड़ने का भी प्रयास किया था। उस समय किशोरी ने विरोध जताया तो बड़ेलाल भाग निकला, लेकिन उसकी छिछोरी हरकत बंद नहीं हुई। बता दें कि सोमवार को बड़ेलाल किशोरी के घर में घुस गया और उसके साथ जोर-जबर्दस्ती करने लगा।
पीड़िता की चीखें सुन मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने दरिंदे को पकड़कर जमकर पीटा। सिर मुंडवाकर उसे पूरे गांव में घुमाया। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी तिल्हापुर चौकी पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही गांव पहुंचे चौकी प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीण आरोपी के मुंह में कालिख पोतने जा रहे थे। पर पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। मामले में सरायअकिल एसओ हेमंत मिश्र का कहना है कि पीड़ित लड़की के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications