यूपी में प्रचंड जीत से बढ़ेगा योगी का कद, जानिए होंगे ये 5 फायदे
लखनऊ, 11 मार्च: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल कर चुकी है। इस जीत के बाद योगी के कद में इजाफा होगा और यूपी ही नहीं पूरे देश में ब्रांड योगी को एक नई ताकत मिलेगी। योगी ने यूपी में अब तक के सारे मिथकों को भी तोड़ दिया है। योगी यूपी के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बने हैं जो दोबारा जीतकर सरकार बनाने जा रह है। योगी की छवि आने वाले समय में बीजेपी के लिए और लाभदायक साबित होने वाली है। इससे बीजेपी के मिशन 2024 को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी। योगी का कद आने वाले समय में यूपी ही नहीं देश की राजनीति की दिशा तय करेगा।

प्रचंड जीत के बाद ब्रांड योगी' को मिली ताकत
उत्तर प्रदेश में शुरुआती सालों को छोड़कर किसी पार्टी का लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटना चमत्कार है। यह पहला मौका है जब कोई मुख्यमंत्री 5 साल सत्ता में रहने के बाद लगातार दूसरी बार लौटा है। प्रदेश में यह जीत 'योगी ब्रांड' को मजबूती देने वाली है और राज्य के बाहर उनकी लोकप्रियता के बढ़ने की भी संभावना है। जिस तरह गुजरात में 'ब्रांड मोदी' तैयार हुआ, उसी तरह यूपी की राजनीति भी आगे बढ़ रही है और ब्रांड योगी पूरी तरीके से राष्ट्रीय फलक पर तैयार हो रहा है।

योगी के राजनीति को मिलेगी नई दिशा
माना जा रहा है कि मौजूदा विधानसभा चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने खुलकर अखिलेश का समर्थन किया है. आंकड़े यह भी बताते हैं कि समाजवादी पार्टी के मतदाता ज्यादातर मुस्लिम बहुल सीटों पर जीत हासिल कर रहे हैं। ऐसे में इन चुनावों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यूपी में चुनाव केवल मुसलमानों और एक या दो अन्य जातियों के अच्छे समर्थन से नहीं जीता जा सकता है। ऐसे में योगी की यह जीत अन्य पार्टियों को अपनी रणनीति पर सोचने पर मजबूर कर सकती है।

दलित वोटरों को जोड़ने में बीजेपी ने मारी बाजी
इन चुनावों में कई ऐसी सीटें हैं, जहां माना जा रहा है कि बहुजन समाज पार्टी का पारंपरिक वोटर बीजेपी की तरफ आ गया है। हालांकि, जिन सीटों पर बसपा थोड़ी मजबूत है, वहां उसके उम्मीदवार को आमतौर पर अच्छी संख्या में वोट मिले हैं। बसपा के कमजोर होने से दलित वोटों के लिए भारतीय जनता पार्टी और अन्य पार्टियों के बीच रणनीतिक लड़ाई तेज हो सकती है। माना जाता है कि कल्याणकारी योजनाओं ने दलित मतदाताओं के एक बड़े वर्ग को भाजपा में लाने में प्रमुख भूमिका निभाई है। ऐसे में भाजपा कोशिश करेगी कि ऐसी योजनाओं का लाभ इस वर्ग तक ज्यादा से ज्यादा पहुंचे।

बीजेपी में योगी की नई पहचान
2017 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी ने भले ही योगी को मुख्यमंत्री बनाया हो, लेकिन वह चुनाव मोदी के चेहरे पर लड़ा गया. उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में योगी का यह पहला चुनाव था, और वे इसमें सफल रहे। ऐसे में निश्चित तौर पर पार्टी में योगी का कद बढ़ेगा और वह पहली पंक्ति के नेताओं में होंगे. माना जा रहा है कि इस जीत के बाद योगी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के बाद बीजेपी का सबसे बड़ा चेहरा होंगे।

2024 चुनाव में निभाएंगे अहम भूमिका
देश में 2024 में लोकसभा चुनाव होने जा रहे हैं और केंद्र में सरकार बनाने में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों की बड़ी भूमिका है। विधानसभा चुनावों में भाजपा के 40 प्रतिशत से अधिक के वोट शेयर ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि भाजपा के पास पहले से ही 2024 के लोकसभा चुनाव में बढ़त है। अगले 2 साल में विपक्षी दल मोदी और बीजेपी को यूपी में एक बार फिर बड़ी जीत से रोक पाएंगे, इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications