Covid-19: योगी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन, जानें क्या-क्या होगा UP में प्रतिबंध
Covid-19: योगी सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन, जानें क्या-क्या होगा UP में प्रतिबंध
लखनऊ, 05 जनवरी: कोरोना वायरस संक्रमण के मामले एक बार फिर उत्तर प्रदेश में तेजी से बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में यूपी के अंदर कोरोना के 992 नए मरीज सामने आए हैं। कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 04 जनवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में टीम-9 के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद योगी सरकार ने नाइट कर्फ्यू से लेकर स्कूल बंद तक कई अहम फैसले ले लिए हैं।
Recommended Video

जानें क्या-क्या होगा यूपी में प्रतिबंध
- कक्षा 10वीं तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को मकर संक्रांति यानी 16 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। हालांकि, इस दौरान स्कूली छात्रों का टीकाकरण जारी रहेगा।
- नाइट कर्फ्यू रात 10 से सुबह 6 तक लागू रहने वाला है। यह व्यवस्था 6 जनवरी से लागू कर दी जाएगी।
- जिन जिलों में कोरोना के एक्टिव मामले एक हजार से ज्यादा हो जाए, वहां जिम, स्पा, सिनेमाहॉल, बैंकेट हॉल, रेस्टोरेंट इत्यादि सार्वजनिक स्थलों को 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित किया जाए।
- शादी समारोह का आयोजन बंद जगहों पर हो और एक समय में 100 से अधिक लोगों की सहभागिता ना हो।
- खुले स्थान पर ग्राउंड की कुल क्षमता के 50 फीसदी से अधिक लोगों के उपस्थिति की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही मास्क और सैनिटाइजर की अनिवार्यता भी आवश्यक है।
- प्रदेश के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, निजी, ट्रस्ट आदि संस्थाओं, कंपनियों, ऐतिहासिक स्मारक, कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, होटल-रेस्त्रां, औद्योगिक इकाइयों में तत्काल प्रभाव से कोविड हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे।
कोरोना के नए मामलों में तेज़ इजाफा
बता दें कि मंगलवार को पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 992 नए मामले सामने आए हैं और कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। इस दौरान सक्रिय मामलों की संख्या 3,173 है अब तक कुल 16,88,007 रिकवरी हुई है। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि कल प्रदेश में 1,66,033 सैंपल की जांच की गई और अब तक कुल 9,36,00,940 सैंपल की जांच की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications