मिशन शक्ति के जरिए यूपी में महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता के गुर सिखा रही योगी सरकार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान चला रही है जिसके तहत एक तरफ तो बेटियों को आत्मरक्षा के प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ उनको स्किल ट्रेनिंग देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें महिलाओं को उनकी सेहत, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के बारे में जागरूक किया जाता है। महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 60 लाख ज्यादा ग्रामीण महिलाओं तक इस जागरूकता अभियान को ले जाया गया है।

ग्रामीण इलाके की बेटियों और महिलाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देने के लिए कार्यशालाओं के आयोजन हो रहे हैं। योगी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में ग्रामीण इलाकों में 11,534 महिलाओं और 52,439 लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया गया है। सरकारी योजनाओं के लाभ को महिलाओं तक पहुंचाकर भी उनको सशक्त किया जा रहा है। निराश्रित महिला पेंशन योजना के जरिए 27 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ दिया गया। कन्या सुमंगला योजना के जरिए 5 लाख से ज्यादा बेटियों तक सरकारी मदद पहुंचाई गई। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के जरिए 32 लाख से ज्यादा बेटियों को लाभान्वित किया गया। रानी लक्ष्मी बाई महिला एवं सम्मान कोष योजना के तहत करीब 5 हजार हिंसा पीड़िताओं की सहायता की गई।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकारी और गैर सरकारी संगठन उनको रोजगार के नए अवसरों की जानकारी देकर जागरूक करने के काम में जुटे हैं। लघु व कुटीर उद्योग, जैविक खेती, मास्क, ड्रेस व डिजाइनर ज्वैलरी से जुड़े कामों के प्रशिक्षण उनको दिए जा रहे हैं। महिला कल्याण निदेशक मनोज कुमार राय का इस बारे में कहना है कि यूपी की हर महिला तक मिशन शक्ति के तहत चल रही योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। महिलाओं और बालिकाओं की सोच में बदलाव हो, इसकी कोशिश हम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications