योगी सरकार ने सेट किया 100 दिनों का एजेंडा, जानिए किन 5 बड़े मुद्दों को मिली जगह
लखनऊ, 9 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद लगातार दूसरी बार योगी आदित्यनाथ सूबे के मुख्यमंत्री बने हैं। पहले सरकार की अपेक्षा दूसरी सरकार यानी योगी 2.0 में 5 बड़े मुद्दों पर काम शुरू हुआ है। सरकार का टारगेट सिर्फ 100 दिन का है और वह इस डेडलाइन के भीतर रिजल्ट देना चाहती है। दरअसल विधानसभा चुनाव 2022 में जिन मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी विपक्ष ने की थी, वही मुद्दे अब सरकार की लिस्ट में सबसे उपर हैं। आइए हम आपको बताते हैं कि योगी सरकार में बुलडोजर, आवारा पशु, बेरोजगारी, फ्री स्मार्ट फोन और मुफ्त अनाज किस तरह से सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं।

10 हजार लोगों को सरकारी नौकरी देगी सरकार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राज्य के 10,000 से अधिक युवाओं को अगले 100 दिनों में सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, "राज्य सरकार ने सभी सेवा चयन बोर्डों को अगले 100 दिनों में राज्य के 10,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।" सरकार की प्राथमिकता में रोजगार सबसे उपर है और सरकार हर हाल में यूपी में ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिससे एक ऐसा संदेश जाए ताकि लोगों को लगे की सरकार नौकरियों का वादा पूरा कर रही है।

15 करोड़ लोगों को फ्री राशन
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी रैलियों में मुफ्त राशन योजना जारी रखने का वादा जनता से किया था। अब प्रदेश सरकार इस योजना को लोकसभा चुनाव यानी 2024 तक बढ़ाने पर मंथन कर रही है। प्रदेश में इस योजना के 15 करोड़ लाभार्थी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खाद्य व रसद विभाग की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में महंगाई के बढ़ने के कारण मुफ्त राशन योजना की अवधि बढ़ाने का उल्लेख किया गया है। ऐसे भी संकेत हैं कि योजना को एक साथ न बढ़ाकर दो से तीन चरणों में बढ़ाया जाए।

माफियाओं के खिलाफ चलेगा बुलडोजर
उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतकर एक बार फिर सत्ता पर काबिज हुई योगी सरकार एक्शन मोड में आ गई है। मेरठ के टीपी नगर के जगन्नाथ पुरी स्थित ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो से खरीदे गए पार्क में बनाई गई अवैध दुकानों पर सीएम योगी का बुलडोजर चला है। मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो ने दूसरों के नाम पर अपना अवैध साम्राज्य खड़ा किया है। पुलिस की अभिरक्षा से फरार बदन सिंह पर ढाई लाख का इनाम घोषित है।

9 लाख युवाओं को स्मार्ट फोन देगी सरकार
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य भर में कुल 9.74 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित करने की घोषणा की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को पहले ही इसे अपनी 100-दिवसीय कार्य योजना में शामिल करने के लिए कहा गया है। कोविड -19 महामारी के कारण, पिछले दो वर्षों में युवाओं की शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हुई क्योंकि वे स्कूल और कॉलेज जाने में असमर्थ थे। यह सुनिश्चित करने के लिए कि युवाओं की शिक्षा में बाधा न आए, सरकार ने ऑनलाइन शिक्षा शुरू की, लेकिन आधुनिक तकनीक से युवाओं की अपरिचितता रास्ते में एक बड़ी बाधा थी। इस संबंध में राज्य सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने अपनी 100 दिन की कार्य योजना में युवाओं को 9.74 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन देने को शामिल किया है।

आवारा पशुओं की समस्या हल करने की तैयारी
आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान पर किसान नाराज बताए गए। अखिलेश यादव ने सांड से मरने वालों को 5 लाख देने का ऐलान तक कर डाला। पीएम मोदी ने कहा था कि यूपी में दोबारा सरकार बनने के बाद आवारा पशुओं को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। गो-अभयारण्य योजना शुरू हो रही है। 200 विधानसभा क्षेत्रों में गोशालाएं स्थापित की जाएंगी। हर गोशाला की 5000 या उससे अधिक गायों की क्षमता होगी। मनरेगा, पंचायती राज, वन और पेयजल विभाग की मदद से यहां चारा, पानी, चारदीवारी, शेड, पशु उपचार जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गाय के दूध और दूध के बाई-प्रोडक्ट से कमाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications