जन्माष्टमी पर योगी सरकार का बड़ा फैसला, एक दिन के लिए हटाया नाइट कर्फ्यू
लखनऊ, 29 अगस्त: देश में सोमवार (30 अगस्त) को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। ऐसे में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जन्माष्टमी के त्योहार को लेकर नाइट कर्फ्यू में विशेष छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यूपी सरकार ने जन्माष्टमी पर कोरोना प्रोटोकॉल के साथ यह खास रियायत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी शासन ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात्रि कर्फ्यू में छूट देने का ऐलान किया है यानी कि प्रदेश में एक दिन के लिए रात्रिकालीन कर्फ्यू हटा लिया गया है।
Recommended Video

इस आदेश के बाद प्रदेश में सोमवार को रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू में विशेष छूट रहेगी। फिर मंगलवार रात से नाइट कर्फ्यू जारी पहले ही तरह जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश के गृह विभाग से यह आदेश सभी जिलों को भेज दिया है।
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विशेष परिस्थितियों में प्रदेश में जन्माष्टमी के मौते पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में निर्धारित उपस्थिति की सीमा और कोरोना नाइट कर्फ्यू में विशेष छूट प्रदान दी गई है। इसके साथ ही सभी पुलिस लाइन और कारागारों में जन्माष्टमी का पर्व भव्य रूप से भारतीय परंपरा के अनुसार मनाने के निर्देश भी दिए हैं। अपने आदेश में कहा गया है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल जरूर किया जाए।
राज्यपाल और सीएम योगी ने दी बधाई
वहीं यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धरा पर अवतरण धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना तथा अधर्म, अन्याय व अत्याचार समाप्त करने की प्रेरणा देता है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जन्माष्टमी का पर्व कोविड प्रोटोकॉल के तहत मनाने जाने की भी अपील की।












Click it and Unblock the Notifications