प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला
उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपनाया सख्त रुख, अधिकारियों को दिए खास निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लिया है। पहले जहां उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति के लिए हर स्कूल में बायोमीट्रिक मशीन लगाने का निर्देश जारी किया है तो दूसरी तरफ अब उन्होंने उन तमाम शिक्षकों की तस्वीरों को मुहैया कराने को कहा है जो स्कूलों में पढ़ाते हैं। उन्होंने स्कूलो में तैनात सभी फैकल्टी सदस्यों की तस्वीर को उनके पास मुहैया कराने को कहा है।

शिक्षा व्यवस्था पर जाहिर की चिंता
मुख्यमंत्री ने यह फैसला इसलिए लिया है ताकि वह स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों से इस बात की पुष्टि कर सके कि क्या स्कूल में वही शिक्षक पढ़ा रहे हैं जिसकी नियुक्ति की गई है या कोई और। इस फैसले से तमाम स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों की पुष्टि छात्रों से तस्वीर दिखाकर की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह फैसला अपने गृहक्षेत्र गोरखपुर में एक बैठक के दौरान लिया, जहां उन्होंने सरकारी स्कूलों की गिरती गुणवत्ता पर चिंता जाहिर की।

औचक निरीक्षण का दिया आदेश
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में एक बैठक के दौरान प्राइमरी और जूनियर हाई स्कूलों में शिक्षा की गिरती गुणवत्ता पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को इस बात का निर्देश दिया है कि वह स्कूलों में औचक निरीक्षण करें और स्कूल में शिक्षा की स्थिति को सुधारने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में छात्रों से इस बात की पुष्टि निश्ति समय के भीतर हमेशा की जाए कि क्या शिक्षक उन्हें पढ़ाने आते हैं या किसी भी और तरह की समस्या उन्हें है।

प्रॉक्सी टीचर नहीं चलेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ स्कूलों में जिन शिक्षकों को तैनात किया गया है उनकी जगह पर कोई और पढ़ाने आता है, जबकि शिक्षक मोटी सैलरी पाने के बाद भी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने नहीं जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में अधिकारियों को कहा कि अब इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्कूलो की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं, उन्होंने अधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए कुछ नए कदम उठाने पड़े तो उठाइए।

अधिकारी हमेशा काम पर रहे तैनात
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की कमान संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री ने कई बड़े फैसले लिए, उन्होंने ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही प्रदेश में भू माफियाओं के खिलाफ टास्क फोर्स के गठन की बात कही और प्रदेश में चल रहे अवैध कब्जे के धंधे को जड़ से खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने इसके साथ ही यह भी अधिकारियों से साफ कहा था कि वह अवैध कब्जे के खिलाफ किसी भी अधिकारी को कभी भी बुला सकते हैं ऐसे में सभी अधिकारी अपने काम पर हमेशा रहे।












Click it and Unblock the Notifications