उत्तर प्रदेश में पुलिस एनकाउंटर चलते रहेंगे: योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ आगे भी चलती रहेंगी। गुरुवार को विधान परिषद में योगी ने शून्यकाल के दौरान सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह की सूचना पर ये बात कही। मुख्यमंत्री भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह की उस सूचना पर अपनी बात कह रहे थे, जिसमें 13 फरवरी को विधान परिषद के सभापति रमेश यादव ने नोएडा में फर्जी पुलिस मुठभेड़ में जितेंद्र यादव को पुलिस की गोली लगने और पिछले साल नोएडा में हुए एक हत्याकांड की सीबीआई से जांच कराने के आदेश के औचित्य पर सवाल उठाते हुए उस पर पुनर्विचार का आग्रह किया गया था। सभापति ने पिछली 13 फरवरी को समाजवादी पार्टी के सदस्यों के कार्यस्थगन की सूचना को अस्वीकार करते हुए सरकार को सुमित गुर्जर, जितेंद्र यादव और शिव कुमार यादव से संबंधित घटनाओं की सीबीआई से जांच कराने के निर्देश दिए थे। आपको बता दें कि बीते दिनों में कई मुठभेड़ों पर सवाल उठे हैं और उनके फर्जी होने की बात सामने आई।

योगी ने कहा कि प्रदेश में पुलिस के साथ अपराधियों की मुठभेड़ की 1,200 घटनाओं में 40 अपराधी मारे जा चुके हैं। आगे भी यह सिलसिला नहीं थमेगा। विपक्ष के एनकाउंटर्स पर सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता के प्रति जवाबदेही के बजाय अपराधियों के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं। योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी अलग-अलग मंचों से प्रदेश में मुठभेड़ चलते रहने की बात कह चुके हैं।
यूपी पुलिस प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन ऑलआउट चला रही है, इसमें लगातार मुठभेड़ हो रही है। पुलिस के इस ऑपरेशन ऑलआउट के बारे में यूपी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसी अपराधी को संरक्षण नहीं है इस सरकार में, जो अपराधी है, जो दोषी है, वो मरेगा। जो अपराध की श्रेणी में आएगा उसपर कानून पूरा काम करेगा और कोई उसको संरक्षण नहीं देगा।












Click it and Unblock the Notifications