5 साल में 6 एम्स और 25 मेडिकल कॉलेज बनाएंगे- योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में 56 नवनिर्मित वेंटीलेटर मशीनों का लोकार्पण किया।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के मेडिकल कॉलेज में 56 वेंटीलेटर मशीनों का उद्घाटन किया, मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में नवस्थापित वेंटीलेटरों का लोकार्पण किया। इस मौके पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केजीएमसी खुद को एशिया के सबसे बड़े चिकित्सालय के रूप में स्थापित करने में सफल हुआ है, इस चिकित्सालय ने खुद की प्रतिष्ठा को स्थापित किया है और पिछले 100 वर्षों में केजीएमसी से निकले हुए चिकित्सकों ने अपने-अपने स्थानों पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है

5 लाख डॉक्टरों की जरूरत है
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हम प्रदेश को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देना चाहते हैं तो हमें कम से कम 5 लाख चिकित्सकों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों में आम मरीजों के प्रति संवेदनशीलता होनी चाहिए, जिसकी कमी देखने को मिलती है। अगर डॉक्टर मरीज से एक बार प्यार से बात कर ले तो मरीज अपने आप ही बेहतर महसूस करने लगता है। डॉक्टरों को इस बात को सुनिश्चित करना चाहिए कि वह ग्रामीण इलाकों में भी कम से कम 2-3 वर्ष तक अपनी सेवा दें, जिससे की प्रदेश के हर नागरिक को चिकित्सा का लाभ मिल सके।
गरीब की दुआ में बहुत असर
वर्ष में 15 लाख मरीजों को यहां डॉक्टर देखते हैं, लेकिन मेरी आपसे अपील है कि जो गरीब आता है वह विश्वास के साथ आता है, लेकिन उसकी दुआ बहुत खास होती है, अगर उसकी दुआ आपको मिली तो वह बहुत काम आती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दिशा में आप प्रयास करिए कि अगर गरीब मरीज आता है तो उसे मना मत कीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केजीएमसी में 58 वेंटीलेटर लगाए गए हैं लेकिन यह एक साल में खराब हो जाता है, जबकि प्राइवेट अस्पतालों में यह 5 साल तक चलते हैं, इसकी बड़ी वजह है कि वार्षिक देखरेख नहीं होती है, लिहाजा हमें कोशिश करनी चाहिए कि मशीनों का एएमसी कराया जाए। एएमसी नहीं कराने से मशीन सिर्फ एक साल के भीतर रद्दी की टोकरी में चला जाता है।
31 मार्च तक हर विभाग के पास पहुंचेगा बजट
मैं जब सचिवालय गया तो मेरे कार्यालय में कई फाइलें जमा थी, क्योंकि प्रदेश सरकार बजट को समाप्त नहीं कर पाई, हमें चाहिए कि बजट को निश्चित समय में खर्च करना चाहिए और हम प्रयास करेंगे कि बजट को समय पर खर्च किया जाए, इस बार फरवरी में हम बजट पेश करेंगे और 31 मार्च तक सभी विभागों में बजट को भेज देंगे।
6 एम्स और 25 मेडिकल कॉलेज बनाएंगे
हमारे पीएम और भाजपा के अध्यक्ष ने कहा है कि यूपी में हमें 6 एम्स की स्थापना करनी है और 25 मेडिकल कॉलेज बनाएंगे। हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती है कि हम फैकल्टी कहां से लाएंगे। हम आज भी फैकल्टी की कमी से जूझ रहे हैं। जो अच्छे लोग हैं उन्हें सैफई शिफ्ट कर दिया गया है। सारे अच्छे डॉक्टरों को सैफई भेजा गया है, जबकि पिछली सरकार ने गोरखपुर को अच्छा स्लॉटर हाउस दिया। लेकिन मैं धन्यवाद देना चाहुंगा पीएम को उन्होंने गोरखपुर को एम्स दिया। फैकल्टी की समस्या को कैसे खत्म किया जाए इसका प्रयास किया जाना चाहिए।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंह के साथ स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष टंडन सहित तमाम नेता मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications