सांसद हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सीएम योगी को आया गुस्सा, कमिश्नर-डीएम को लगाई लताड़
Recommended Video

कैराना। कैराना लोकसभा सीट से भाजपा सांसद हुकुम सिंह का शनिवार को निधन हो जाने के बाद रविवार को उनको श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कैराना पहुंचे। इस दौरान सड़कों के किनारे गंदगी, सड़कों में गड्ढे और उठ रहे धूल के गुबार को देखकर सीएम इतने नाराज हुए कि हुकुम सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने वहां मौजूद कमिश्नर, डीएम और एडीएम और दूसरे अफसरों को जमकर लताड़ लगाई। मंत्रियों के सामने भी उन्होंने अपने गुस्से को जाहिर किया।

सड़कों से उड़ रही धूल देख खफा हुए योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को कैराना के विजय सिंह पथिक इण्टर कालेज पर बने हैलीपेड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। यहां से वो कार से हुकुम सिंह के मायापुर फार्म हाउस पर जाने के लिए रवाना हुए, सीएम योगी को इस सफर के दौरान रास्ते मे भयंकर गंदगी मिली, इस पर वहां पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाने के साथ ही सीएम योगी ने दो दिन में वहां पर सफाई करने का निर्देश दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हेलीपैड से सांसद के आवास तक सड़क के बेहद खराब होने पर नारागजी जताई। उन्होंने वहां पर उपस्थित कमिश्नर के साथ कार्यवाहक डीएम व एसडीएम को जमकर फटकारा।

वीडियो हो रहा वायरल
योगी आदित्यनाथ ने उन्होंने कैबिनेट मंत्री सतीश महाना और गन्ना मंत्री सुरेश राणा के सामने भी इसको लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिस समय मुख्यमंत्री दोनों मंत्रियों के साथ अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी व्यक्त कर रहें,हैं, उस दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सीएम योगी अफसरों को निर्देश दे रहे हैं कि तत्काल गन्दगी हटवायी जाये, वहां ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के साथ ही रास्ते में पानी का छिड़काव करायें ताकि धूल मिट्टी न उड़े।

शनिवार को हुआ हुकुम सिंह का निधन
कैराना लोकसभा से भाजपा के सांसद हुकुम सिंह का शनिवार रात को निधन हो गया। उन्होंने नोएडा के जेपी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वो 80 साल के थे। हुकुम सिंह सात बार विधायक रहे और 2014 में लोकसभा में पहुंचे। उनके निधन पर पीएम मोदी ने शोक जाहिर किया। कुछ दिनो पहले भी उनके मौत की अफवाह उड़ी थी लेकिन उनकी बेटी ने इसका खंडन कर दिया था। 2016 में उन्होंने कैराना से हिन्दुओं के पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि मुस्लिमों के भय के चलते हिन्दु घर छोड़ रहे हैं। इसको लेकर वो काफी चर्चा में रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications