UP: 'पति मिले या न मिले, मेरा भैंसा ढूंढ दो साहब', थाने में महिला की गुहार सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान
ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक महिला पुलिस के पास अपने पति और एक भैंसे के लापता होने की शिकायत लेकर पहुंची। महिला का कहना है कि दोनों का किसी ने अपहरण कर लिया है। लेकिन पुलिस तब हैरान हो गई जब महिला ने कहा कि पति मिले या न मिले, लेकिन भैंसे की तलाश जरूर कर दो। फिलहाल महिला की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, पूरा मामला दनकौर कोतवाली क्षेत्र के धनोरी गांव का है। यहां की रहने वाली सुमन ने बताया कि उसका पति ओमबीर मंगलवार को पशुओं को देखने के लिए घेर (जहां पशु बंधते हैं) में गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो पति को देखने वो भी घेर पहुंच गई। जहां पता लगा कि घेर से पति समेत एक भैंसा भी गायब है।

महिला अनुसार उसने कई स्थानों पर भैंसे व पति को ढूँढा, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिसके बाद बुधवार को पीड़िता शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची और कहा कि उसके पति व भैंसे का किसी ने अपहरण कर लिया है। वहीं, प्रभारी को पूरी जानकारी देने के बाद महिला ने कहा कि साहब पति को भले ही मत ढूंढो, लेकिन भैंसे की तलाश जरूर कर दो। बहरहाल, महिला के कथन से हैरान कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि महिला के पति और भैंसे की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications