'तीन तलाक' की फिर एक महिला शिकार, वजह वही 'दहेज'
फिरोज ने दो दिन पहले ही महिला को घर में जाकर तीन तलाक बोल दिया और खुद को आजाद बताने लगा।
मेरठ। तीन तलाक को लेकर केंद्र सरकार भले ही सख्त हो रही है लेकिन तीन तलाक देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई ना होने से रोज इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मेरठ का है जहां उजमा नाम की महिला को उसके पति ने दहेज की डिमांड पूरी ना होने पर तीन तलाक दे दिया और तलाक के पेपर पर उसके जबरन हस्ताक्षर लेने की कोशिश की। मेरठ पुलिस ऑफिस में खड़ी इस महिला को इसके पति ने तीन तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया और परिजनों ने तमंचे की नोक पर महिला से तलाकनामें पर उसके हस्ताक्षर लेने की कोशिश की।

दरअसल, मेरठ के बिसोला की रहने वाली इस पीड़िता की शादी 2 साल पहले ही फिरोज नाम के शख्स से हुई थी, अब उसका कारोबार ठीक नहीं चल रहा था जिसके लिए उसने 5 लाख रुपयों की डिमांड कर डाली। इसे पूरा कराने में महिला असमर्थ थी तो बस इसी बात से नाराज होकर फिरोज ने दो दिन पहले ही महिला को घर में जाकर तीन तलाक बोल दिया और खुद को आजाद बताने लगा। जिसके बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी, जिस पर परिजन महिला को इंसाफ दिलाने के लिए मेरठ एसएसपी के पास पहुंचे।
महिला का कहना है कि उसके शौहर ने तलाक तलाक तलाक कहकर घर से बहार निकल दिया, अब मैं अपने घर आ गई। मुझसे 5 लाख रुपए ओर स्विफ्ट गाड़ी की मांग कर रहा था। अब मैं इंसाफ के लिए पुलिस से गुहार लगाने आई हूं। वहीं पुलिस मामले को गंभीरता से लेने का दावा कर रही है और जल्द जांच की बात कह रही है।












Click it and Unblock the Notifications