खुशियां हुई चार गुना जब तीन भाइयों संग आई बहना
डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद महिला के गर्भ में एक बच्चे से ज्यादा होने की बात परिजनों को बताई। जिसके बाद परिजनों में पहले ही खुशी का माहौल बन गया।
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के पचपेड़वा क्षेत्र में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। एक साथ चार बच्चों के जन्म की बात आस-पास के गांव में आग की तरह फैल गई और लोग तमाशबीन की तरह देखने पहुंच गए। अस्पताल में भी देखने वालों का जमावड़ा लग गया। एक साथ जन्में इन 4 बच्चों में 3 लड़के और 1 लड़की है।


मामला पचपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद का है जहां चेतराम की पत्नी कंचन पर इस तरह भगवान महरबान हुए हैं। ये दंपति पिपरिहा जमुनिया पचपेड़वा का निवासी है। बता दें कि कंचन को प्रसव पीड़ा के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद महिला के गर्भ में एक बच्चे से ज्यादा होने की बात परिजनों को बताई। जिसके बाद परिजनों में पहले ही खुशी का माहौल बन गया।

डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला का प्रसव कराया और महिला ने एक साथ 4 बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद ये खबर लोगों के बीच तेजी से फैल गई। लोग जहां-तहां से बस इस सौभाग्य को देखने पहुंचने लगे। पूरे मामले पर पचपेड़वा सीएचसी अधीक्षक मिथलेश कुमार ने बताया कि महिला का प्रसव सामान्य हुआ है। बच्चे सामान्य स्थिति से कमजोर हैं लेकिन उन्हें चाइल्ड केअर यूनिट में रखने के बाद फिलहाल रेफर किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications