BSP को लगेगा एक और झटका? रितेश पांडेय के बाद अब आगरा में राहुल-अखिलेश के साथ दिखे श्याम सिंह यादव
बहुजन समाज पार्टी को एक ही दिन में दूसरा झटका लगा है। अंबेडकरनगर के बसपा सांसद रितेश पांडेय के बाद अब जौनपुर के सांसद श्याम सिंह यादव के तेवर बदले हुए नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रविवार को आगरा में श्याम सिंह यादव ने राहुल-गांधी और अखिलेश यादव के साथ मंच साझा किया। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

कहा जा रहा है कि श्याम सिंह यादव भी जल्द ही बसपा से किनारे कर सकते हैं। लेकिन वह सपा में शामिल होंगे या कांग्रेस में। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने हाथरस में श्याम सिंह यादव को लेकर बयान दिया था।
एएनआई से बात करते हुए उन्होंने बताया कि अंबेडकर नगर के सांसद और पूर्व BSP नेता रितेश पांडे के BJP में शामिल होने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "BSP के जौनपुर से सांसद श्याम सिंह यादव आगरा में राहुल गांधी का स्वागत करने आ रहे हैं। कांग्रेस मजबूती के साथ खड़ी है। जो भाजपा में जा रहे हैं वे पद के लालच में जा रहे हैं, वे सत्ता में जाना चाहते हैं। BSP के जो लोग कांग्रेस के साथ आ रहे हैं वे संघर्ष करने और लड़ने के लिए आ रहे हैं।"
कौन हैं श्याम सिंह यादव?
श्याम सिंह यादव साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन के दौरान बसपा से चुनाव लड़े थे। जौनपुर से सांसद बनने के बाद साल 2022 में ही उनके बसपा से बगावत की बातें सामने आई थीं।
इस समय यह अटकलें लगाई जा रही थी कि श्याम सिंह यादव बहुजन समाज पार्टी से किनारा कर सकते हैं। लेकिन श्याम सिंह यादव पार्टी में बने रहे। अब अंबेडकर नगर के सांसद रितेश पांडे ने जहां रविवार को बहुजन समाज पार्टी से इस्तीफा दे दिया वहीं श्याम सिंह यादव ने राहुल गांधी और अखिलेश के साथ आगरा में मंच साझा किया।
ऐसे में कहा जा रहा है कि अब बहुजन समाज पार्टी को एक और झटका लगने वाला है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि श्याम सिंह यादव कांग्रेस में जा सकते हैं। फिलहाल अभी उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है लेकिन आगरा में अखिलेश और राहुल के साथ देखे जाने के बाद पूर्वांचल का सियासी माहौल गर्म हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications