पत्नी यूट्यूब पर देख रही थी संभल हिंसा का वीडियो, पति ने पहले डांटा, फिर दे दिया तीन तलाक, SSP से शिकायत
Moradabad, Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा को लेकर माहौल अभी भी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। राजनीतिक दलों से जुड़े लोग लगातार संभल हिंसा पर बयान दे रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में संभल हिंसा को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।
पत्नी का आरोप है कि इस दौरान उसके पति ने उसे काफिर कहा। इतना ही नहीं, इसके बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। अब इस मामले में पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत की है और न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

2012 में हुआ था निकाह
एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में कटघर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि साल 2012 में उसका निकाह हुआ था। उसके तीन बच्चे हैं। लेकिन पहले पति से साल 2021 में तलाक हो गया। तलाक के बाद वहीं के रहने वाले एक व्यक्ति से उसकी नजदीकियां बढ़ीं।
उसके बाद वह व्यक्ति उसे गुरुग्राम बुला लिया। वहां पर उसके साथ वह निकाह करने का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। बाद में वह निकाह करने से मुकर गया तो मामला थाने तक पहुंचा। बाद में वह 27 दिसंबर 2021 को उसके साथ निकाह किया।
महिला का आरोप है कि निकाह के बाद वह दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगा। उसकी बेटी के साथ छेड़खानी की तथा उसके जेठ ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर 31 अक्टूबर को पति ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
देख रही थी संभल का वीडियो तो पति हो गया गुस्सा
शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि समझौते को लेकर 4 दिसंबर को वह पति के कार्यालय में गई थी। इस दौरान वह यूट्यूब पर संभल हिंसा का वीडियो देख रही थी। जिसमें कुछ लोग पुलिस के ऊपर पत्थर चला रहे थे। यह देखकर पति ने वीडियो बंद करने के लिए बोला।
पत्नी द्वारा कहा गया कि यदि पुलिस पर कोई पत्थर चलाएगा तो क्या पुलिस उन पर कार्रवाई नहीं करेगी। यह बात सुनकर पति नाराज हो गया और उसे डांटने लगा। इतने से जी नहीं भरा तो उसके पति ने उसे दिन तलाक दे दिया। फिलहाल इस मामले में एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि कटघर की महिला ने शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया।












Click it and Unblock the Notifications