मेरठ: पत्नी और बड़े भाई ने मिलकर की युवक की हत्या, अवैध संबंध के चलते दिया गया घटना को अंजाम
पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि आरोपी पत्नी रूपा ने अंकित को चाय में नशीली दवाई दे दी थी। इसी दौरान रूपा और भूपेंद्र ने उसकी गला दबाकर हत्या की।
मेरठ। इंचौली क्षेत्र के देदवा गांव में एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। शव घर से पचास मीटर की दूरी पर फेंक दिया गया था। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि युवक को उसकी पत्नी ने ही मृतक के बड़े भाई के साथ मिलकर मौत के घाट उतारा है। दरअसल, इंचौली थाना क्षेत्र के देदवा गांव का निवासी अंकित (28) पत्थर और टाइल्स लगाने का काम करता था। परिवार में पत्नी रूपा, मां कुसुम, एक बड़ा भाई भूपेंद्र और छोटा भाई सुधीर है।

कल सुबह गांव की कुछ महिलाएं उपले लेने गई थीं। तभी अंकित का खून से सना शव देखकर उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। इसके बाद गांव के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंकित के हाथ में बाल थे, जिससे साफ है कि हत्या के समय अंकित ने संघर्ष किया होगा। बाल महिला और पुरुष दोनों के हैं। डॉग स्क्वायड को बुलाकर फोरेंसिक टीम ने भी पड़ताल की। जिसमें स्नीफर डॉग मृतक के घर के अंदर ही घूमता रहा।

पुलिस ने बड़े भाई भूपेंद्र की तलाश की, जिसका मोबाइल बंद आ रहा है। घर के अंदर से अंकित बाहर शर्ट और जींस में कैसे गया? जबकि बाहर काफी सर्दी थी। सबसे अहम बात यह है कि उसके मोबाइल पर शाम के बाद कोई कॉल भी नहीं की गई। ऐसे में पुलिस ने मामले की गहराई तक पड़ताल की है। इंस्पेक्टर अनिल यादव का कहना है कि हत्या अंकित के बड़े भाई भूपेंद्र ने पत्नी रूपा के साथ मिलकर की है। फिलहाल आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि मृतक का भाई अभी फरार है।
पहले दिया नशा फिर की हत्या
पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि आरोपी पत्नी रूपा ने अंकित को चाय में नशीली दवाई दे दी थी, जिससे टीवी देखते हुए अंकित ने सिर दर्द और चक्कर आने की बात कही थी। इसके बाद गांव से झोलाछाप को बुलाया गया। जिसने ज्यादा देखे समझे बिने ही दवाइयां दी थी। रात में अंकित गहरी नींद सो गया। इसी दौरान रूपा और भूपेंद्र ने उसकी गला दबाकर हत्या की। इस दौरान हुई हाथापाई में अंकित ने दोनों के बाल पकड़ लिए। बाद में उसके शव को शर्ट और जींस में ही घर से बाहर फेंक दिया। दरअसल, हत्या करने के बाद दोनों घबरा गए थे। भूपेंद्र ने मोबाइल बंद कर दिया और वह भाग गया।
शव के पास मिली टूटी हुई चूड़ियां
पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने को पुलिस ने जब शव उठाया तो नीचे चूड़ियां दबी हुई मिलीं। जिससे यह माना जा रहा है कि हत्या में महिला भी शामिल रही है। एक-डेढ़ साल पहले मृतक के बड़े भाई भूपेंद्र पर दूसरे संप्रदाय की लड़की को लेकर भागने का आरोप लगा था। बाद में लड़की बरामद हो गई थी। शादी के दो साल बाद भी रूपा को कोई संतान नहीं हो पाई, जिसके चलते रूपा और उसके जेठ भूपेंद्र के बीच नजदीकियां बढ़ गई। भूपेंद्र तय योजना के मुताबिक यह कहकर घर से चला गया कि वो इलाहाबाद जा रहा है। फिर रात में वो चुपके से घर आया और बेहोश अंकित को उठाकर दोनों बाहर ले गए। रूपा ने अंकित का हाथ पकड़ लिया और भूपेंद्र ने उसकी गर्दन रेत डाली।












Click it and Unblock the Notifications