शादी के लिए बनी फर्जी IAS Sadhana Singh कौन? 1 साल तक पति को पीटा-रात में दबाया गला, ऐंठे ₹40 लाख
Bareilly Police Arrests Budaun Fake IAS Woman: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने खुद को इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (IAS) अफसर बताकर युवक को झांसे में लिया और शादी रचाई। बाद में, फर्जी IAS का रौब झाड़कर पति को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि रात में पत्नी ने गला घोंटने की कोशिश की। जबरन 40 लाख रुपये वसूले।
इतना ही नहीं, जमीन बेचकर उसके लिए अस्पताल खोलने के बात न मानने पर परिवार को फंसाने के धमकी दी। खौफ में बौखलाया पति भागते हुए थाने पहुंचा। मामले में पुलिस ने आरोपी फर्जी IAS महिला साधना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में साधना ने अपनी इस साजिश के पीछे मकसद का खुलासा किया। आइए विस्तार से जानते हैं...

कैसे बुना फर्जी IAS ने शादी का जाल?
बदायूं जिले के सतेती गांव निवासी अभिषेक सिंह ने साधना को IAS अफसर समझकर 7 फरवरी 2025 को शादी की। अफसर वाले ठाट-बाट और सोशल मीडिया पर साधना की IAS वाली तस्वीरों ने अभिषेक को अपनी ओर आकर्षित किया। लेकिन, शादी के बाद साधना का असली चेहरा देखकर अभिषेक के होश उड़ गए। आए दिन घरेलू हिंसा। साधना का अभिषेक पीटना। जैसे ही अभिषेक के सामने साधना का फर्जी IAS का भेद खुला। आननफानन में फरीदपुर पुलिस स्टेशन भागा।
पत्नी समेत ससुर, साले पर दर्ज कराई FIR
थाने पहुंचकर अभिषेक ने आपबीती सुनाई। एसपी (साउथ) अंशिका वर्मा ने बताया कि अभिषेक की शिकायत पर साधना, उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्य प्रताप और मामा राजेंद्र सिंह के ख़िलाफ FIR दर्ज की गई। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट (IT Act) की धारा 66D के तहत दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, साधना और उसके परिवार ने सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो और वीडियो डालकर साधना को IAS अफसर बताकर अभिषेक को धोखा दिया। उसकी बातों पर भरोसा करके अभिषेक ने उससे शादी कर ली।
गला घोंटने और 40 लाख ठगी का आरोप
अभिषेक ने FIR में यह भी आरोप लगाए कि रात को उसने मुझे जान से मारने की भी कोशिश की। छाती पर चढ़कर गला घोंटने की कोशिश की, उसे और उसके परिवार को गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। जबरन वसूली के तौर पर 40 लाख रुपये मांगे। पुलिस के मुताबिक, सर्च ऑपरेशन के बाद साधना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, उसने माना कि अभिषेक और उसके परिवार का भरोसा जीतने के लिए उसने फेसबुक पर खुद को IAS अफसर बताते हुए फर्जी फोटो और वीडियो अपलोड किए थे।
क्या था साधना का मकसद?
एसपी ने बताया कि साधना का मकसद पति को धमकाकर बदायूं में अपनी जमीन पर अस्पताल बनवाना था। इसलिए, पति अभिषेक को पुश्तैनी खेती की जमीन बेचने का भी दबाव बना रही थी। पूछताछ में साधना ने माना कि घरेलू झगड़े के दौरान उसने अपने पति के साथ मारपीट की थी। पुलिस ने कहा कि आगे की जांच चल रही है।
Who Is Sadhana Singh: कौन है फर्जी IAS साधना सिंह?
साधना सिंह बदायूं जिले के सतेती गांव की ही निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि साधना BSc ग्रेजुएट है। सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रही है, जबकि उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह और भाई सूर्य प्रताप किसान हैं। साधना ने खुद को सोशल मीडिया और व्यक्तिगत जीवन में IAS की झूठी छवि बनाई। आधिकारिक लुक, यूनिफॉर्म जैसी पोशाक पहनकर IAS अधिकारी का रोल प्ले किया। पुलिस के मुताबिक, साधना से पूछताछ जारी है। उसके परिवार की डिटेल निकाली जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
