Govind Dev Giri कौन हैं? चंपत राय के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के नियमित महासचिव, 17 की उम्र में दिया पहला प्रवचन
Ram Mandir Trust New General Secretary: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि को अब नियमित महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले चंपत राय के हटने के बाद कृष्ण मोहन राय कार्यवाहक महासचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
नई जिम्मेदारी के साथ गोविंद देव गिरि राम मंदिर ट्रस्ट के कामकाज में पहले से अधिक महत्वपूर्ण भूमिका में आ गए हैं। आखिर स्वामी गोविंद देव गिरि कौन हैं, उनका मूल नाम क्या था और राम मंदिर आंदोलन से उनका जुड़ाव कैसे रहा?

Who Is Swami Govinddev Giri: कौन हैं स्वामी गोविंद देव गिरि?
स्वामी गोविंद देव गिरि का जन्म 25 जनवरी 1949 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के बेलापुर गांव में हुआ था। उनका पूर्व नाम आचार्य किशोरजी मदनगोपाल व्यास बताया जाता है। धार्मिक परिवार में पले-बढ़े गोविंद देव गिरि ने बचपन से ही भारतीय दर्शन और धर्मग्रंथों का अध्ययन शुरू किया।
उन्होंने श्री पांडुरंग शास्त्री आठवले के मार्गदर्शन में दर्शनशास्त्र की पढ़ाई की। इसके बाद वाराणसी जाकर वेद, उपनिषद और भारतीय दर्शन का अध्ययन किया। यहां उन्होंने वैदिक विद्वान डॉ. विश्वनाथजी देव के मार्गदर्शन में दर्शनाचार्य की उपाधि प्राप्त की।
17 साल की उम्र में दिया पहला प्रवचन
गोविंद देव गिरि का धार्मिक प्रवचन का सिलसिला किशोरावस्था में ही शुरू हो गया था। उन्होंने 17 साल की उम्र में अपने पैतृक गांव बेलापुर में श्रीमद्भागवत पर पहला प्रवचन दिया। इसके बाद उन्होंने श्रीमद्भागवत, रामायण, महाभारत, ज्ञानेश्वरी, दशबोध, योग वशिष्ठ, देवी भागवत और शिव पुराण जैसे ग्रंथों पर देशभर में प्रवचन किए। संत ज्ञानेश्वर के प्रति उनकी विशेष आस्था रही है। उन्होंने ज्ञानेश्वरी की शिक्षाओं को अपने जीवन का मार्गदर्शक बताया और आने वाली पीढ़ियों तक इसके ज्ञान को पहुंचाने के लिए संत श्री ज्ञानेश्वर गुरुकुल की स्थापना भी की।
कब लिया संन्यास?
गोविंद देव गिरि ने 30 अप्रैल 2006 को 57 की उम्र में हरिद्वार में परमहंस संन्यास की दीक्षा ली। यह दीक्षा स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि से मिली। इसके बाद आचार्य किशोरजी व्यास औपचारिक रूप से स्वामी गोविंद देव गिरिजी महाराज के नाम से जाने जाने लगे। उनके धार्मिक प्रवचनों और भारतीय दर्शन के अध्ययन के कारण उन्हें देश के प्रमुख संतों में गिना जाता है।
Ram Mandir Trust में क्या भूमिका रही?
स्वामी गोविंद देव गिरि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन के बाद से ही इसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में रहे हैं। वह ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष के पद पर थे। अब उन्हें नियमित महासचिव बनाया गया है। महासचिव के तौर पर उनकी जिम्मेदारी ट्रस्ट के प्रशासनिक और संगठनात्मक कामकाज में महत्वपूर्ण होगी। ट्रस्ट का लक्ष्य केवल राम मंदिर का संचालन ही नहीं, बल्कि अयोध्या को व्यापक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना भी है। नई जिम्मेदारी संभालने के बाद गोविंद देव गिरि ने कहा कि ट्रस्ट का लक्ष्य अयोध्या को दुनिया की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करना है।
ट्रस्ट में और कौन से बड़े बदलाव हुए?
बैठक में स्वामी गोविंद देव गिरि को महासचिव बनाए जाने के साथ दिल्ली के महेश भागचंदका को नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला CEO चुना गया। इस पद के लिए 16 उम्मीदवारों में से तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे। इनमें जितेंद्र मिश्रा के अलावा मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह और श्रुति भारद्वाज शामिल थे।
बैठक में अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की शिक्षाविद डॉ. निर्मला यादव को भी ट्रस्ट में जिम्मेदारी दी गई। मदन मोहन पांडेय राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में रामलला की ओर से अदालत में पैरवी कर चुके हैं। वहीं डॉ. निर्मला यादव के पास विश्वविद्यालय स्तर पर करीब 15 साल का शैक्षणिक अनुभव बताया गया है।
इस तरह ट्रस्ट में हुए बदलावों के बाद गोविंद देव गिरि धार्मिक और संगठनात्मक नेतृत्व की प्रमुख कड़ी होंगे, जबकि CEO जितेंद्र मिश्रा मंदिर के प्रशासनिक संचालन को पेशेवर ढंग से संभालेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
