'चैन से सोने नहीं दूंगा, लड़ाई सड़क से संसद तक होगी', जीत के बाद क्या बोले नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद?
Nagina Lok Sabha Chandrashekhar Azad: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान नगीना लोकसभा सीट भी काफी अहम सीट मानी जा रही थी। क्योंकि इस लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद मैदान में थे।
लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद मंगलवार को मतगणना के बाद आजाद समाज पार्टी से जुड़े नेताओं को ऐसी खुशी मिली जो शायद ही उन्हें अब तक महसूस हुई हो। नगीना लोकसभा सीट से चंद्रशेखर आजाद 151473 वोटों से चुनाव जीत गए।

चंद्रशेखर आज़ाद शुरू से ही अपने तल्ख तेवरों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हमेशा गरीबों, शोषितों, वंचितों, किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाए हैं। जब चंद्रशेखर आजाद सांसद और विधायक नहीं बने थे उसके पहले से ही उनकी फैन फॉलोइंग जबरदस्त थी।
अब लोकसभा चुनाव जीतने के बाद चंद्रशेखर आजाद का बयान सामने आया है। चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि सरकार को ना तो चैन से सोने दूंगा और न बैठने दूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए काम नहीं हुआ तो उसके लिए संघर्ष होगा।
चुनाव जीतने के बाद चंद्रशेखर आजाद ने नगीना लोकसभा क्षेत्र की जनता को भी धन्यवाद दिया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मैं धन्यवाद करता हूं कि नगीना लोकसभा की जनता बिना भेदभाव के सभी जातियों ने मुझे वोट दिया और संसद तक पहुंचने का मौका दिया।
पहले मैं सड़क से लड़ाई लड़ता था लेकिन अब यह लड़ाई सड़क से संसद तक होगी। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि नगीना की जनता ने जो प्यार और भरोसा जताया है उसका मैं कर्जदार हूं। मैं अपना खून देकर भी नगीना की जनता का कर्ज नहीं उतर सकता हूं।
पुलिस कर्मियों का हो रहा शोषण
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि देश में पुलिसकर्मियों का शोषण हो रहा है। उनके लिए भी ड्यूटी के लिए 8 घंटे फिक्स करना चाहिए। पुलिस कर्मियों को भी छुट्टी मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि निजीकरण से नुकसान हुआ है। साथ ही उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना, बैकलॉग, प्रमोशन में रिजर्वेशन, महंगाई, बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
चंद्रशेखर आजाद को मिले 512552 वोट
नगीना लोकसभा सीट पर चंद्रशेखर आजाद के अलावा भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी द्वारा भी अपने उम्मीदवार उतारे गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित कई बड़े नेताओं ने यहां जनसभा किया।
बावजूद इसके मतगणना के दिन चंद्रशेखर आजाद ने एक बार रफ्तार पकड़ी तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस लोकसभा सीट पर चंद्रशेखर आजाद को 512552 वोट जबकि दूसरे नंबर पर रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी ओम कुमार को 361079 वोट मिले। 102374 वोट पाकर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मनोज कुमार तीसरे नंबर पर रहे।












Click it and Unblock the Notifications