मुजफ्फरनगर में बाइक की टक्कर पर भिड़े दो समुदाय, पथराव और फायरिंग
एसपी सिटी के मुताबिक शहर में हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनावी माहौल के चलते विशेष एहतियात बरती जा रही है।
मुजफ्फरनगर। यूपी का मुजफ्फरनगर बीती रात एक बार फिर हिंसा की चपेट में आ गया। मामूली सी बात पर शुरू हुआ बवाल देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते बड़ा बवाल होने से बच गया और समय रहते हालात पर काबू पा लिया गया।


दोनों पक्षों से करीब 6-7 लोग जख्मी
मुजफ्फरनगर में शुक्रवार रात एक मामूली बात को लेकर दो पक्षों में बवाल हो गया। जिले के खादरवाला इलाके में दो युवकों की बाइक आपस में टकरा गई। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद दोनों समुदायों से बड़ी संख्या में लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते पथराव के बाद फायरिंग शुरू हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान दोनों पक्षों से करीब 6-7 लोग जख्मी हो गए। ये भी पढ़ें- मौत का खुलासा, इसलिए बेटे ने की मां के अकाउंटेंट की हत्या

शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती
एहतियात के तौर पर शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक खादरवाला इलाके में एक युवक बाइक से जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे समुदाय के एक युवक की बाइक उसकी बाइक टकरा गई। देखते ही देखते युवकों में कहासुनी हो गई और फिर दोनों में मारपीट होने लगी। कुछ ही देर में दोनों समुदायों के लोग भी आमने-सामने आ गए और पथराव व फायरिंग शुरू हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी तीन थानों की फोर्स और पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया।

पुलिस ने घर से दबोचे आरोपी युवक
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के आरोपियों के घर दबिश दी और आरोपी युवकों को हिरासत में लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी के मुताबिक शहर में हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। चुनावी माहौल के चलते विशेष एहतियात बरती जा रही है। लोगों से कहा गया है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान ना दें।












Click it and Unblock the Notifications