बरेली: पुलिस ने अश्लील डांस रोका तो प्रधान समेत गांव वालों ने बोल दिया हमला
डायल 100 की टीम को देखते ही गांव वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने गांव के प्रधान के साथ मिलकर पुलिस को चारों ओर से घेर लिया और उन पर पथराव शुरू कर दिया।
बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सैजना में एक शादी समारोह के दौरान अश्लील डांस हो रहा था। इसकी सूचना पाकर डायल 100 की टीम वहां पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। जिससे पुलिस वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस वालों को बुरी तरह पीटा। पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे और घटना के संबंध में अपने आला अधिकारियों को बताया।

जानकारी के मुताबिक मीरगंज थाना क्षेत्र के सैजना गांव में बीती रात एक शादी समारोह में अश्लील डांस हो रहा था। किसी ने डायल 100 को फोन करके सूचना दे दी। इसके बाद डायल 100 की टीम सैजना गांव पहुंची। डायल 100 की टीम को देखते ही गांव वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने गांव के प्रधान के साथ मिलकर पुलिस को चारों ओर से घेर लिया और उन पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है।


पुलिस ने सरकारी काम में बाधा और हमला करने के आरोप में ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा लिखने की तैयारी कर ली है। उम्मीद है देर शाम तक पुलिस कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। पीसीआर प्रभारी नत्थू राम के मुताबिक पुलिस टीम की सूचना मिली थी गांव में आई बारात में अश्लील डांस परोसा जा रहा है जिससे गांव में कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कदम उठाया और मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस कर्मियों पर हमलाकर डायल 100 को तोड़ दिया। साथ ही डायल 100 पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ गांव के प्रधान सहित कई लोगों ने मारपीट की।












Click it and Unblock the Notifications