VIDEO Viral: लखनऊ के लोहिया अस्पताल में छात्राओं संग बदसलूकी! सिरिंज से हमला, कपड़े फाड़े-मारपीट की
Video Viral Lucknow Lohiya Hospital Emergency Assault: राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (लोहिया अस्पताल) की इमरजेंसी में 7 मार्च की शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इलाज के लिए आई दो छात्रा बहनों के साथ कथित तौर पर नर्सिंग स्टाफ, कंपाउंडर और सिक्योरिटी गार्ड ने मारपीट की।
आरोप हैं कि गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने का विरोध करने पर सिरिंज से हमला किया गया, थप्पड़ मारे गए, कपड़े फाड़े गए और अभद्रता की गई। पीड़िताओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी आपबीती सुना रही हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना कैसे हुई?
इंदिरा नगर के अमराई गांव (तकरोही) की एक युवती 7 मार्च की शाम करीब 7 बजे अपनी छोटी बहन को अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर आई। छोटी बहन को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। नर्स बहन की नस में इंजेक्शन लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन नस नहीं मिलने पर 2-3 बार अलग-अलग जगहों पर चुभोने की कोशिश की। इंजेक्शन नहीं लगा पाई, जिससे हाथ से खून बहने लगा और दर्द बढ़ गया। बड़ी बहन ने इस लापरवाही का विरोध किया तो नर्स भड़क गई। आरोप है कि नर्स ने गुस्से में पीड़िता की कमर-पीठ में जबरदस्ती सिरिंज चुभो दी, जिससे वह दर्द से चीख उठी।
विरोध करने पर नर्स ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कंपाउंडर और सिक्योरिटी गार्ड ने दोनों बहनों को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। वीडियो बनाने की कोशिश पर मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया। पीड़िताओं का दावा है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़े गए और अनुचित तरीके से छुआ गया। उन्हें जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
पुलिस और अस्पताल की कार्रवाई
घटना के चार घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। विभूतिखंड पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच जारी है। पीड़िताएं पुलिस चौकी पहुंचीं, लेकिन शुरुआत में सुनवाई नहीं हुई। बाद में वकीलों को बुलाया गया, तो पुलिस और वकीलों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो मामला शांत हुआ। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि वकीलों ने सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की। प्रकरण में मुकदमा दर्ज है और जांच हो रही है।
सोशल मीडिया पर आक्रोश
पीड़ित छात्राओं ने वीडियो में पूरी घटना का ब्यौरा दिया है, जिसमें वे बदसलूकी, अभद्रता और हमले के आरोप लगा रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोग अस्पताल स्टाफ की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे 'अस्पताल में गुंडागर्दी' करार दिया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना सरकारी अस्पतालों में मरीजों के साथ होने वाली बदसलूकी और सुरक्षा की कमी को एक बार फिर उजागर करती है। पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी, लेकिन पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications