'मैडम सुषमा स्वराज, मुझे निकलवाइए', सऊदी जेल में बंद भारतीय का वीडियो वायरल
संभल। बेटी की पैदाइश के दौरान पत्नी का इलाज कराते समय ज्यादा कर्जा के बोझ में दबा यूपी के संभल का युवक सऊदी अरब में कार चलाने पहुंच गया। वहां चालक की नौकरी की। डेढ़ साल पहले कार से हुए हादसे में वहां कार की टक्कर से सऊदी अरब के व्यक्ति की मौत हो गई तो सऊदी पुलिस ने संभल के युवक को जेल भेज दिया।

परिजनों के पास जेल से छुड़ाने के लिए रकम नही है। युवक ने जेल से ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। वीडियो में हाथ जोड़कर रोता हुए युवक विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाकर कह रहा है कि मैं बेकसूर हूं, मैडम मुझे छुड़वा लो।
हयातनगर थाना क्षेत्र के उपनगरी सरायतरीन निवासी मोहल्ला मंगलपुरा निवासी कार चालक मोहम्मद नबी उर्फ बब्बू की पत्नी शहाना बेगम की तीसरी बेटी की डिलीवरी का वक्त आया तो उसकी हालत बिगड़ गई और ऑपरेशन के बाद बच्ची पैदा हुई। इस दौरान पत्नी के इलाज पर इतना पैसा खर्च हुआ कि मोहम्मद नबी पर काफी कर्ज जो गया।
कर्ज चुकाने के लिए उसने सऊदी अरब जाने का प्लान बनाया और वहां जाकर चालक की नौकरी की। वहां कार से हादसा हो गया जिसमें एक युवक की मौत हो गयी। वहां की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। बुधबार को मोहम्मद नबी ने मोबाइल में अपना वीडियो रिकॉर्ड कराकर वायरल करा दिया। इस उम्मीद के साथ कि किसी तरह यह मैसेज भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तक पहुंचे जिससे उसे छुड़वाया जा सके।
मोहम्मद नबी ने सुषमा स्वराज से गुहार करते हुए कहा है कि मैडम मैंने किसी को नहीं मारा, मैं बेकसूर हूं, मुझे यहां से निकलवाइये। मैं अपने परिवार का अकेला कमाने वाला हूं। गरीब परिवार से हूं। मैं जेल से बाहर नहीं निकला तो मेरा परिवार भी भूखों मर जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications