इलाहाबाद: जिस झगड़े की वजह से हुई वकील राजेश की हत्या, वह वीडियो वायरल!
इलाहाबाद। इलाहाबाद में दिनदहाड़े हुई एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव की हत्या ने उत्तर प्रदेश को हिलाकर रख दिया। अब एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रहा है जिसमें वह उसी होटल विवाद में झड़प करते दिख रहे हैं जिसके कारण उनकी हत्या होना बताया जा रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि इलाहाबाद के होटल क्राउन पैलेस के बाहर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लगी है और होटल स्टाफ के साथ जमकर तीखी बहस चल रही है।

क्या दिख रहा वीडियो में
वीडियो देखकर व बातचीत से यह अंदाजा लग रहा है कि पानी बरसने के बाद लोगों के घरों में पानी घुस रहा है और होटल के द्वारा नालियों पर अतिक्रमण करके बिल्डिंग बनाने के चलते पानी नहीं निकल पा रहा है। इसी बात को लेकर होटल मालिक व स्टाफ के साथ एडवोकेट राजेश की बहस हो रही है और उनके साथ कई लोग भी वहां मौजूद हैं। इस घटना का बकायदा वीडियो बनाया जा रहा था और शायद यह वीडियो किसी साक्ष्य में इस्तेमाल करने के लिए बनाया गया था। वीडियो में प्रभावित नाली को खोदकर पानी निकालने लायक बनाने की बातें कही जा रही हैं और एडवोकेट राजेश इस वीडियो को सेव करने का भी आदेश दे रहे होते हैं। फिलहाल यह वीडियो तीन महीना पुराना बताया जा रहा है। इसका पहले क्या उपयोग हुआ होगा इसका तो अंदाजा नहीं है लेकिन इस वक़्त यह वीडियो खूब चर्चा का विषय बना हुआ है।

होटल विवाद से जुड़ा है मामला
बता दें कि होटल क्राउन पैलेस के विवाद को लेकर ही राजेश श्रीवास्तव की हत्या की गुत्थी को जोड़कर देखा जा रहा है क्योंकि घटना के दिन सुबह भी होटल मालिक के साथ राजेश श्रीवास्तव की झड़प हुई थी और उसके कुछ घंटे बाद ही राजेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में होटल के मुद्दे पर ही हत्या की आशंका व्यक्त की है और ऐसे में एक पुराना वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मचा हुआ है ।

वायरल हुआ वीडियो
लोग इस वीडियो को खूब लाइक और शेयर कर रहे हैं और इस वीडियो पर पुलिस की भी नजर पड़ गई है। विवाद में साक्ष्य के तौर पर इस वीडियो का इस्तेमाल भी पुलिस अब करेगी और जांच पड़ताल में होटल मालिक से इस वीडियो के बाबत पूछताछ भी करेगी। याद दिला दें कि गुरुवार को एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव कि उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह प्रैक्टिस करने के लिए जिला कचहरी में जा रहे थे। घटना को बाइक सवार दो शार्प शूटरों ने अंजाम दिया है और वारदात की सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने दोनों शूटरों की फोटो भी जारी कर दी है। इस मामले में होटल व्यवसायी प्रदीप व नगर निगम में कार्यरत नागर नाम के व्यक्ति के ऊपर हत्या का आरोप है और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्रदीप को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications