UP: कौशांबी में भरी बरसात में मजदूरों ने बना डाला रोड, PWD के कारनामे को देख लोग हैरान, Video Viral
Kaushambi Road Video Viral: उत्तर प्रदेश में पीडब्ल्यूडी विभाग के गजब कारनामे की वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रही है। इस वीडियो को जिसने भी देखा, उसने अपना माथा पकड़ लिया। मामला कौशांबी जिले का है, जहां के भरवारी नगर पालिका में जोरदार बारिश के बीच मजदूर सड़क बना रहे हैं।
कौशांबी से हैरान कर देने वाले वीडियो में साफ विभाग और ठेकेदार की मिलीभगत सामने आ रही है, क्योंकि बिना तालमेल से ऐसे बरसात के बीच सड़क बनना ऐसा हो ही नहीं सकता। एक तरफ झमाझम बारिश में सड़क बनाई जा रही है।

तो दूसरी तरफ डामर और गिट्टी पत्थर ठीक से आपस में चिपक भी नहीं रहे हैं, लेकिन मजाल मजदूरों ने काम रोका हो, बड़े ही मेहनती होकर सड़क बनाने में व्यस्त नजर आ रहे हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग और ठेकेदार की बारिश के बीच सड़क बनाने की इस कला को लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।
इधर, जहां सोशल मीडिया पर पीडब्ल्यूडी विभाग की खूब किरकिरी हो रही है तो दूसरी तरफ बारिश में बनी सड़क महज कुछ घंटे बाद ही अपनी असलियत दिखाने लगी और उखड़ने शुरू हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका जमकर विरोध किया।

जानकारी के मुताबिक भरवारी नगर पालिका परिषद में मेन रोड का निर्माण कराया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी ने बलबीर सिंह नाम के ठेकेदार को दी है। इलाके के मुख्य मार्ग को बुधवार का निर्माण कार्य चल रहा था और फिर बारिश होने लगी, लेकिन जिम्मेदारों लोगों ने काम रोकने के बजाए तेज गति में काम शुरू कर दिया।
बता दें कि जिस सड़क की यहां बात हो रही है उसके निर्माण के लिए 25 से 30 लाख का बजट भी पास हुआ है। ऐसे में स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी के लोग मिलीभगत करके घटिया निर्माण करवा रहे हैं, जिससे लाखों रुपए डकार सकें।

Recommended Video
इधर, निशाने पर आए विभाग के बाद अधिशासी अभियंता हरबंश सिंह ने स्थानीय लोगों के आरोपों को गलत बताया। साथ ही अपनी सफाई में कहा कि कहा कि सड़क बनने के बाद बारिश हुई थी। ऐसे में अगर मौसम के ठीक होने पर सड़क की जांच कराई जाएगी, अगर खामियां निकली तो उसे ठीक करवाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications