वीडियो में देखिए दलितों का भारत बंद, विरोध के दौरान हिंसा, आगजनी
आगरा/मेरठ। सुप्रीम कोर्ट के आए फैसले एससी-एसटी एक्ट के विरोध में सोमवार को आगरा में लोगों ने भारत बंद का एलान करते हुए बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया। शहर के रकाबगंज थाना क्षेत्र के काजीपाड़ा में लोगों ने रेलवे लाइन पर गार्डर डाल कर ट्रैक जाम कर दिया। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने सैकड़ों की संख्या में पहुंच कर ट्रेन को रोका। शहर की हार्ट लाइन कही जाने वाली एमजी रोड पर भी जाम लगाया। आगरा हाथरस मार्ग पर भी लोगों ने जाम लगाया। हाथों में लाठी डंडे लेकर उग्र हुए प्रदर्शनकारियों ने थाना शाहगंज के खेरिया मोड़ बाजार को जबरन बन्द करा दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों की स्थानीय लोगों से झड़प भी हुई। शहर के यमुना पार इलाके थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र के टेडी बगिया पर प्रदर्शनकारियों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस बूथ पर भी आक्रोशित लोगों ने कब्जा कर लिया। दुकानों में भी कई जगह तोड़फोड़ की गई। पुलिस से भी प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक हुई। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं। घरों में फेंके गए पत्थर लोगों में दहशत का माहौल है। घरों से निकलने में लोग डर रहे हैं। प्रदर्शन के चलते लोगों को भारी परेशानी हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी नगर अध्यक्ष के होटल में भी जमकर तोड़फोड़ की।
मेरठ में हिंसा
मेरठ। दलित संगठनों ने मेरठ के रोहटा रोड में ट्रक और पुलिस चौकी में आग लगा दी और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर जुलूस निकालकर सड़क जाम कर दिया। आमजनों के साथ इस दौरान बदसलूकी भी की गई। उच्चतम न्यायालय द्वारा एससी एसटी एक्ट में किए गए संशोधन के विरोध में सोमवार को भारत बंद की शुरुआत दलित समाज ने उग्रता से किया। जिलेभर में जुलूस और आंदोलन निकाले जा रहे हैं।
सुबह ही दलित समाज के लोगों ने रोहटा में बाइपास पर एक ट्रक को रोककर उसे आग के हवाले कर दिया। इसके बाद भड़के दलित समाज के लोगों ने पास ही स्थित शोभापुर पुलिस चौकी को भी आग के हवाले कर दिया। काफी देर तक वहां स्थिति चिंताजनक बनी रही। इस पूरे प्रकरण में मेरठ पुलिस की तैयारी की पोल खुल गई। न तो शुरुआत में इन आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास किया गया और न ही और कोई ठोस उपाय ही किए गए थे।
एक्ट में किए गए संशोधन के विरोध में नारेबाजी करते हुए गांवों से शहर की ओर रवाना हुए। रास्ते में प्रदर्शन करने के साथ ही लोगों ने तोड़फोड़ की और रास्तों पर जाम लगाए। दिल्ली बाईपास पर दलित समाज के लोगों ने रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर जाम लगा दिया। रास्ते पर आवाजाही करते हुए लोगों से बदसलूकी की और गाड़ियों पर भी तोड़फोड़ की। दिल्ली रोड पर जगह-जगह प्रदर्शन करते हुए जाम लगाया गया। हापुड़ दिल्ली रोड चौराहे पर प्रदर्शन के साथ ही जाम लगाया। रोहटा रोड पर चलती बस को रोक कर तोड़फोड़ की गई। यात्रियों में भगदड़ मच गई और लोग बस से निकल कर भागने लगे।
हापुड़ में हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी
हापुड़। एससी एसटी एक्ट में संशोधन पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ भारत बंद का आयोजन कर रहे दलित समुदाय जगह-जगह विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ आग आगजनी कर रहे हैं। हापुड़ सिटी कोतवाली इलाके में भी आवास विकास इलाक़े में कई जगह घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों में की जमकर तोड़फोड़ की गई। इस दौरान गाड़ियों में आग लगा दी गई।












Click it and Unblock the Notifications