Varanasi Chunav Result 2024: क्यों घट गया पीएम मोदी की जीत का अंतर, क्या बदल रही लोगों की च्वाइस?
Varanasi lok sabha Result 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार यूपी की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को 1,52,513 मतों के अंतर से हराया है। पिछले तीन चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी यह चुनाव सबसे कम अंतर से जीते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत का यह मार्जिन क्यों कम हुआ है, उससे पहले 2014 और 2019 के चुनावों में उनकी जीत का अंतर देख लेते हैं। क्योंकि इसके बाद ही तथ्यों को सही तरह से समझने में मदद मिल सकती है।

क्यों घट गया पीएम मोदी की जीत का अंतर?
2014 में वाराणसी में पहली बार बीजेपी के उम्मीदवार बनकर यहां से चुनाव लड़े गुजरात के तत्कालीन सीएम नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को तब करीब पौने चार लाख वोटों के अंतर से हराया था।
2019 में पीएम मोदी के मुकाबले में समाजवादी पार्टी की शालिनी यादव थीं। लेकिन, तब पीएम मोदी ने उन्हें करीब 4 लाख 80 वोटों के अंतर से हरा दिया था। कांग्रेस के मौजूदा प्रत्याशी अजय राय पिछले दोनों ही चुनावों में यहां मैदान में थे, लेकिन दोनों ही बार वह तीसरे नंबर पर ही रह पाए थे।
2019 में वाराणसी में वोटों का गणित
इस बार वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी को कुल 6,12,970 वोट मिले हैं। यह वोट गिने गए कुल मान्य 11,30,143 मतों में से उन्हें मिले हैं। वहीं 2019 में उन्हें इसी सीट पर 6,74,664 वोट मिले थे। वहीं, सपा उम्मीदवार को 1,95,159 वोट ही मिले थे। तब वाराणसी में कुल मान्य वोट 10,56,439 गिने गए थे।
वाराणसी में इस बार कांग्रेस प्रत्याशी को सपा का समर्थन था
पिछले दोनों चुनावों में वाराणसी सीट पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी अलग-अलग मैदान में थी। इस बार यहां कांग्रेस पार्टी को सपा का समर्थन हासिल था। यह गोलबंदी इंडिया ब्लॉक को मिले वोटों की संख्या बढ़ाने का कारण माना जा सकता है।
गांधीनगर में बढ़ गया अमित शाह की जीत का मार्जिन
जहां एक तरफ पीएम मोदी की जीत का मार्जिन वाराणसी में पिछली बार की तुलना में कम हुआ है, वहीं उनके सहयोगी और बीजेपी नेता अमित शाह ने गुजरात की गांधीनगर सीट पर बहुत बड़े अंतर से कामयाबी हासिल की है।
अमित शाह ने कांग्रेस प्रत्याशी सोनल रमणभाई पटेल को इस बार गांधीनगर में 7,44,716 वोटों के विशाल अंतर से हराया है। 2019 में वह पहली बार गांधीनगर से चुनाव लड़ने पहुंचे थे और तब कांग्रेस उम्मीदवार डॉ सीजे चावड़ा को 5,57,014 वोटों के अंतर से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications