Uttar Pradesh: मौलवी और पंडित साथ लेकर चलती थी ये दुल्हन, 3 साल में की 15 शादी और 5 निकाह
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने शादी कर लूटने वाले एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में एक दुल्हन के साथ हमेशा पंडित और मौलवी भी थे। लुटेरी दुल्हन वाले इस गैंग ने 15 शादियां और 5 निकाह कर लाखों रुपये की लूट कर 20 परिवारों को चूना लगाया था। इस लुटेरी दुल्हन ने यूपी, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में शादी के बहाने लोगों को ठगने का काम किया था। गैंग में शामिल लोग ही माता-पिता, भाई, पंडित और मौलवी की भूमिका निभाते थे।
प्रयागराज से पुलिस ने किया गैंग को अरेस्ट
पुलिस ने बताया कि हरियाणा और राजस्थान में खास तौर पर अपना शिकार ढूंढ़ते थे। 3 साल में जालसाजों ने 15 शादी और 5 निकाह कराए थे। हर जगह से शादी होते ही लुटेरी दुल्हन कैश-जेवर वगैरह लेकर भाग जाती थी। पुलिस ने बताया कि कुछ जगहों पर तो शादी के बाद दुल्हन दो-तीन रही और फिर पगफेरे के नाम पर मायके जाने के बहाने से जेवर और पैसे लेकर फरार हो गई। पुलिस ने बताया कि गैंग के सदस्यों से पूछताछ चल रही है और पता चला है कि माता-पिता, भाई से लेकर पंडित और मौलवी तक नकली थे।

यह भी पढ़ें: UP Weather Alert: प्रदेश में 9-10 जून को लू का प्रचंड रूप, 19 जिलों में येलो अलर्ट, रहें पूरी तरह सतर्क
सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए फंसाते थे शिकार
पुलिस की जांच में सामने आया है कि अपने शिकार को फंसाने के लिए ये लोग सोशल मीडिया साइट्स, वैवाहिक विज्ञापनों और शादी वाली वेबसाइ्ट्स का इस्तेमाल करते थे। गिरोह के लोग अपना नाम-पता सब नकली बताते थे और इतनी सफाई से झूठ बोलते थे कि किसी को भनक नहीं लगती थी। हिंदू और मुस्लिम दोनों ही तरह के परिवारों को इन्होंने ठगने का काम किया और इसके लिए शादी की सारी रस्मों की जानकारी रखते थे। लुटेरी दुल्हन ने यूपी के अलावा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा जैसे राज्यों में भी लोगों को चूना लगाया है।
पुलिस ने बताया कि जालसाजों के इस गैंग की कोशिश होती थी कि शादी के बाद ही सारा जेवर और गिफ्ट में मिले कैश लेकर फरार हो जाएं। एक-दो बार दुल्हन की शादी के बाद विदाई भी हुई और वह रास्ते में चाय-पानी के लिए रुकने के बहाने फरार हो गई। दो-तीन बार मजबूरी में दुल्हन को रुकना पड़ा, तो जालसाज पगफेरे का बहाना कर फरार हो गए। पुलिस को लुटेरी दुल्हन और गैंग के कुछ लोगों के प्रयागराज के खुल्दाबाद में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने दबिश दी और जालसाजों को पकड़ा जा सका।
यह भी पढ़ें: MP News: बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष कब मिलेगा? देरी के कारण और संभावित चेहरे पर सियासी हलचल तेज












Click it and Unblock the Notifications