लखनऊ एनकाउंटर: अलर्ट के बाद हरदोई से हिरासत में लिए गए 11 संदिग्ध
चेकिंग के दौरान राजस्थान लाज में 11 संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है। उन्होंने अपनी इंट्री के दौरान राजस्थान गेस्ट हाउस में गलत नाम पता दर्ज किया था।
हरदोई। लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक संदिग्ध आतंकवादी छिपा है। संदिग्ध आतंकी के आईएसआईएस से जुड़े होने की बात कही जा रही है। घटना के मद्देनजर पूरे प्रदेश में हाई एलर्ट जारी कर दिया गया है। हाई एलर्ट के बाद सभी होटलों, बस स्टैंड्स, रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में हरदोई में भी पुलिस अधीक्षक के निर्देश अनुसार आज शाम होटलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान राजस्थान लाज में 11 संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया है। उन्होंने अपनी इंट्री के दौरान राजस्थान गेस्ट हाउस में गलत नाम पता दर्ज किया था। जिसके चलते आज पुलिस द्वारा वह छापा मारा गया और संतुष्ट जवाब ना देने के कारण उनको गिरफ्तार भी किया गया है। जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरनगर और मेरठ के रहने वाले यह लोग होटल में साड़ी बेचने के काम के लिए यहां रुके थे।
पुलिस के मुताबिक लाज में जो पते इन लोगों ने लिखवाए थे उनका मिलान इनके पास से मिले आईडी प्रूफ से न होने के कारण इन सबकी तस्दीक के लिए इन सभी लोगों को फिलहाल हिरासत में लिया गया है। पुलिस को फिलहाल इनके पास से कोई ऐसी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। लेकिन, प्रदेश में हाई एलर्ट के चलते पुलिस कोई कसर छोड़ना नहीं चाहती है। पकड़े गए लोगों में इरताज़, औसाफ़, अयूब, साकिब, नाजिम, सालिम, हुमायु, सुएब, आमिर, मेरठ के और उम्र और आलम मुजफ्फरनगर जिले के बताये गए हैं। वहीं चेकिंग के दौरान मृगनयनी गेस्ट हाउस में भी एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि लखनऊ से तकरीबन 100 किलोमीटर की दूरी पर हरदोई जिला है।












Click it and Unblock the Notifications