UP News: देश का है इकलौता जिला जहां एक दो नहीं बल्कि रहते हैं नौ सांसद, जानिए इनके बारे में
Etawah News Uttar Pradesh: देश में लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। परिणाम भी आ चुके हैं। आज हम एक ऐसे जिले की बात करने जा रहे हैं जहां एक दो नहीं बल्कि 9 सांसद रहते हैं। जी हां, सात लोकसभा सदस्य और दो राज्य सभा सदस्य। यह जिला है उत्तर प्रदेश का इटावा।
देश में 797 जिले है, इटावा ऐसा एक मात्र जिला है जहां से इस बार लोकसभा में सात सांसद पहुंचे हैं। जो अपने आप में एक रिकार्ड है। हम अगर सात सांसदों की बात करें तो सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव कन्नौज से, उनकी पत्नी डिंपल यादव मैनपुरी से, चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव आजमगढ़ से, चचेरे भाई अक्षय यादव फिरोजाबाद से, चचेरे भाई आदित्य यादव बदायूं से सांसद बने हैं। वहीं इटावा के सांसद जितेंद्र दोहरे के साथ ही एटा के सांसद देवेश शाक्य भी इटावा के निवासी हैं। वहीं राज्यसभा में प्रो. रामगोपाल यादव और भाजपा से गीता शाक्य राज्यसभा सदस्य हैं।

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस बार कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और 1.70 लाख वोटों से जीत दर्ज की थी। वहीं उनकी पत्नी डिंपल यादव ने मैनपुरी से चुनाव लड़ा और 2.88 लाख वोटों से जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी को मात दी।
मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई अभयराम यादव के बेटे धर्मेंन्द्र यादव ने इस बार आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने बीजेपी के निरहुआ को मात दी। यहां से उन्होंने 1.61 लाख वोटों से जीत दर्ज की है।
मुलायम सिंह यादव के चचेरे भाई और सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल के बेटे हैं। अक्षय 2014 से 2019 तक फिरोजाबाद से सांसद रह चुके हैं। इन्होंने दोबारा इसी सीट से 89312 वोटों से जीत दर्ज की है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्य यादव ने बदायूं लोकसभा सीट से जीत दर्ज की है।
जितेन्द्र दोहरे इटावा के ही रहने वाले हैं। इस बार उन्होंने इसी सीट से सपा प्रत्याशी के रुप में जीत दर्ज की है। देवेश शाक्य एटा से सपा प्रत्याशी थे और उन्होंने जीत दर्ज की है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के चचेरे भाई और प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव हैं। वर्तमान में सपा की ओर से राज्यसभा के सदस्य हैं।गीता शाक्य इस समय प्रदेश की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद हैं।












Click it and Unblock the Notifications