आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आज रात से देना होगा टोल टैक्स
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स की दरों का ऐलान कर दिया है। 19-20 जनवरी की रात से यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी टैक्स अदा करना पड़ेगा। हालांकि सुविधाएं कम होने और भारी टोल टैक्स लगा देना का स्थानीय लोग जमकर विरोद भी कर रहे हैं। इस एक्सप्रेस-वे को पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार ने बनवाया था। शुक्रवार रात से टैक्स लिए जाने का ऐलान हो गया है, हालांकि अभी टोल प्लाजा पर भी पूरी सुविधाएं नहीं हैं।

कार से 570, ट्रक से 3575 रुपए वसूले जाएंगे
राज्य सरकार की ओर से बताया गया है कि 302 किमी लंबे इस एक्सप्रेस वे पर कार से 570, छोटे चार पहिया वाहन जीप वगैरह से 905, मिनी बस से 1815 रुपए, ट्रक से 2785 रुपए और बड़े ट्रकों से 3575 रुपए लिए जाएंगे। कंपनी के अफसरों का कहना है कि एक्सप्रेस-वे पर टोल टैक्स लेने के लिए सैफई हवाई पटटी, टिमरुआ के पास चौपुला पर टोल गेट बनाए जा रहे हैं। सौरिख में भी काम चल रहा है। एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड के साथ पुलों पर भी अभी काम चल रहा है।

ये रहेगी टोल टैक्स व्यवस्था-
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर टिमरुआ कट से दो पहिया वाहन चालकों को आगरा तक का टोल 110 रुपए देने होंगे। लखनऊ के लिए 175 रुपए लगेंगे। चार पहिया वाहन से आगरा के लिए 215 व लखनऊ के लिए 325 रुपए देने होंगे। टिमरुआ कट से चढ़ने वाले लाइट कमर्शियल वाहनों को आगरा के लिए 340 व लखनऊ के लिए 565 रुपए का टोल अदा करना पड़ेगा। बस व ट्रक चालकों को आगरा तक का 685, लखनऊ के लिए 1130 और हैवी मोटर वाहनों को आगरा तक 1050, लखनऊ के लिए 1735 रुपए टोल देना पड़ेगा।

आधी-अधूरी है व्यवस्था
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सरकार ने भले ही टैक्स लेने का ऐलान किया है लेकिन व्यवस्था कुछ भी नहीं है। इटावा, मैनपुरी और फिरोजाबाद में टोल बूथ का काम अधूरा है। फीरोजाबाद में नसीरपुर, कठफोरी और मैनपुरी के करहल में टोल अधूरा है। हादसे की स्थिति में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था नहीं है और ओवरस्पीड वाहनों पर नजर रखने और कार्रवाई के भी इंतजाम नहीं है। सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और जहां लगे हैं, वो भी नहीं चल पाए हैं। फूड प्लाजा और शौचालय भी शुरू नहीं हो पाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications