UP के राज्यपाल नहीं डाल पाएंगे घर बैठे वोट, जाना पड़ेगा मुंबई
लखनऊ। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में यूपी के राज्यपाल राम नाइक को पोस्टल बैलेट से वोट डालने की अनुमति नहीं मिली है। वह 25 जून को मुंबई स्नातक क्षेत्र के चुनाव में वोट डालने के लिए जाएंगे। पिछलों ने राज्यपाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर पोस्टल बैलेट से वोट डालने की अनुमति मांगी थी।

राज्यपाल व उनके परिसहाय (एडीसी) के हवाई जहाज से आने एवं जाने पर रूपए 53 हजार का व्यय होगा तथा जेड प्लस सुरक्षा का खर्च अलग से आयेगा। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओम प्रकाश रावत को पत्र लिखकर भविष्य में होने वाले चुनाव के लिए सुझाव दिया है कि लोक सभा, विधान सभा निर्वाचन में मतदान करने के लिए जैसे विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिक या अन्य प्रदेशों में काम करने वाले कर्मचारियों व चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 'पोस्टल बैलेट' की व्यवस्था है, वही व्यवस्था विधान परिषद के स्नातक क्षेत्र चुनाव के लिए भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा प्राविधानों में बदलाव करते हुए विधान परिषद के स्नातक क्षेत्र चुनाव में भी पोस्टल बैलेट की सुविधा मिलेगी तो दूर दराज के मतदाता को मतदान करने में सहूलियत होगी। राज्यपाल ने अपने पत्र में कहा है कि वह स्वयं निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से भेंट करके इस मुद्दे पर चर्चा भी करना चाहेंगे। इस बात को लेकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को प्रेषित अपने पत्र में कहा है कि मतदान लोकतंत्र का मूलभूत आधार है। लोकतंत्र को मजबूत करने तथा ज्यादा से ज्यादा मतदान में सहभागिता से चुनाव प्रक्रिया सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट की सुविधा न होने से अनावश्यक धन और समय भी व्यय होता है।












Click it and Unblock the Notifications