BJP में मची भगदड़ पर बोले सिद्धार्थ नाथ सिंह, 'पांच साल तक खाते रहे मलाई, टिकट कटने के डर से भागे'
लखनऊ, 14 जनवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों की घोषणा होने के बाद से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में भगदड़ मची हुई है। अभी तक करीब 10 विधायक पार्टी को अलविदा कह चुके है और ऐसा माना जा रहा है कि कई और विधायक पार्टी छोड़ सकते है। बीजेपी में मची भगदड़ पर अब यूपी के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह का बयान सामने आया है। दरअसल, सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'इस देश के सबसे बड़े ओबीसी नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी है।'

मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'भाजपा जनता से फीडबैक लेकर टिकट देती और काटती है, जब आपको पता चलता है तो आप भागोगे। अखिलेश जी के यहां तो दरवाजे खुले हुए हैं, सबको भर्ती कर लो, हमें कोई ऐतराज नहीं है। इनको पता होना चाहिए कि जिस पार्टी में यह लोग जा रहे हैं, वहां सिर्फ M+Y चलता है और M+Y के साथ अन्य पिछड़े वर्ग के लोग नहीं जुड़ते। हालांकि, परिणाम वो ही आएगा 300 पार।'
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इन विधायकों के बीजेपी छोड़ने के कई कारण हैं, कुछ अपने निजी फायदे के लिए जा रहे हैं, दूसरों को डर है कि उन्हें अपनी पसंद के निर्वाचन क्षेत्र से टिकट नहीं मिलेगा। इन लोगों ने 5 साल तक बीजेपी के साथ रहकर मलाई खाने का काम किया। अब टिकट कटने के डर से छोड़कर भाग रहे है। उन्होंने आगे कहा कि, 'राज्य में ओबीसी और दलितों को गुमराह किया जा रहा है।'
उन्होंने बीजेपी छोड़ने वाले विधायकों से पूछा कि 'सपा द्वारा ओबीसी और दलितों के लिए 10 कल्याणकारी योजनाओं की सूची दें। सपा केवल मुसलमानों और यादवों के लिए काम करती है। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अन्य ओबीसी समुदाय कभी भी एमएंडवाई में शामिल नहीं होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications