यूपीटीईटी 2018 : एक दिन देरी से जारी होगा आंसर की, किसी भी मदद के लिए यहां करें संपर्क
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 की आंसर की 20 नवंबर को अपरिहार्य कारणों से नहीं जारी की जा सके देर शाम परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि अपरिहार्य कारणों से आंसर की नहीं जारी की जा सकी है। एनआईसी 21 नवंबर को सभी सीरीज की आंसर की वेबसाइट पर अपलोड कर देगी। दोपहर से अभ्यर्थी वेबसाइट से आंसर की देख सकेंगे। किसी भी मदद के लिए ई-मेल [email protected] के माध्यम से संपर्क किया जा सकता हैं।

इस वजह से नहीं आई आंसर की
आंसर की जारी ना किए जाने के पीछे एनआईसी व परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय की लेट-लतीफी है। कल देर शाम तक टीईटी की ओएमआर सीट रिसीव करने और सील करने का काम ही किया जाता रहा। जिसके कारण ही आंसर की नहीं जारी किया सकी है। हालांकि देर शाम यह सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और आज आंसर की जारी की जाएगी। वहीं 1 दिन की लेट-लतीफी के कारण परीक्षा नियामक सचिव से जवाब भी तलब किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि टीईटी के लिए आवेदन शुरू होने से लेकर अब तक प्रत्येक चरण की प्रक्रिया के दौरान इसी तरह की लेट-लतीफी सामने आई है। पहले आवेदन को लेकर फिर फीस जमा करने को लेकर, उसके बाद परीक्षा तिथियों को लेकर और अब आंसर की को भी जारी करने में अतिरिक्त समय परीक्षा नियामक को लेना पड़ा है।

यहां से डाउनलोड करें
अभ्यर्थी यूपी बेसिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upbasiceduboard.gov.in से आंसर-की देख सकेंगे। आंसर की के साथ प्रश्न व उत्तर पर अभ्यर्थी अपनी आपत्ति भी वेबसाइट के माध्यम से दर्ज करा सकेंगे। जानकारी देते हुए परीक्षा नियामक प्राधिकारी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि संबंधित आपत्ति के सापेक्ष साक्ष्य भी संलग्न करने होंगे, साथ ही निर्धारित फीस भी अभ्यार्थी को जमा करनी होगी। आपत्तियों का निस्तारण विषय विशेषज्ञ करेंगे। 23 नवंबर की शाम 6 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति ली जाएगी।

30 को जारी होगी संशोधित आंसर की
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की संशोधित उत्तर 'आंसर-की' की भी डेट वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। जिसके अनुसार 30 नवंबर को टीईटी की संशोधित आंसर की जारी की जाएगी। दरअसल 23 नवंबर तक अभ्यर्थियों द्वारा प्रश्नोत्तर के सापेक्ष आपत्तियां ली जाएंगी। जिसके बाद आपत्तियों पर विषय विशेषज्ञों की समिति बैठेगी, जिसका निस्तारण किया जाएगा और निस्तारण के बाद ही संशोधित आंसर की जारी की जाएगी। संभावना है कि दिसंबर के पहले और दूसरे सप्ताह के बीच में रिजल्ट जारी कर दिया जाए ।

कितने अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा में इस बार कुल 1783716 अभ्यर्थी को परीक्षा देने के लिए एडमिट कार्ड जारी किया गया था। इनके लिए कुल 2070 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां पर पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा देने के लिए 94 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 1170786 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इनमें से 111710 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए यानी कुल 69076 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 612930 अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। जिसमें 93 फीसद अभ्यर्थी यानी 570024 अभ्यर्थी शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications