UP MLC By-Election 2023: BJP ने किया नामों का ऐलान, इन दो चेहरों पर लगाया दांव
BJP State President Bhupendra Chaudhary: यूपी बीजेपी ने एमएलसी की दो सीटों के लिए नामों का ऐलान कर दिया है। बनवारी लाल दोहरे के निधन और लक्ष्मण आचार्य के राज्यपाल बनने के बाद सीटें खाली हुईं थीं।

BJP State President Bhupendra Chaudhary: उत्तर प्रदेश में भाजपा एमएलसी बनवारी लाल दोहरे के निधन और फरवरी में सिक्किम के राज्यपाल के रूप में लक्ष्मण आचार्य की नियुक्ति के बाद ऊपरी सदन में दो सीटें खाली हो गई थीं। बीजेपी ने अब इन दो सीटों के लिए नामों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने पार्टी के दो प्रदेश उपाध्यक्षों पद्मसेन चौधरी और मानवेंद्र सिंह को एमएलसी का टिकट दिया है। चुनाव आयोग ने हाल ही में इन दो सीटों पर चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था।
दोनों उम्मीदवारों को आसानी से जिता लेगी बीजेपी
दोहरे को 6 जुलाई, 2028 को सेवानिवृत्त होना था जबकि लक्ष्मण आचार्य जो यूपी भाजपा के उपाध्यक्ष भी थे उनका कार्यकाल 30 जनवरी, 2027 तक था। गौरतलब है कि दोहरे और आचार्य दोनों दलित समुदाय से हैं। यूपी विधानसभा में अपनी ताकत को देखते हुए भाजपा अपने दो उम्मीदवारों को आसानी से जिता लेगी। नामांकन की प्रक्रिया 22 मई तक पूरी कर ली जाएगी और जरूरत पड़ने पर 29 मई को मतदान कराया जाएगा।
दो वरिष्ठों को मिला बीजेपी का टिकट
हालांकि, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों को ध्यान में रखते हुए दो परिषद सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है। दो उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा करने से पहले भाजपा क्षेत्रीय और जातीगत समीकरण बैठाने पर काफी मंथन किया है।
भाजपा के टिकट पर कन्नौज से जीते थे दोहरे
आरएसएस से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता दोहरे ने 1991 में पहली बार भाजपा के टिकट पर कन्नौज आरक्षित विधानसभा सीट जीतकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, जब राम मंदिर आंदोलन अपने चरम पर था। दोहरे ने 1993 और 1996 के विधानसभा चुनावों में भी सीट जीती थी। हालांकि 2002, 2007, 2012 और 2017 के राज्य चुनावों में लगातार हार गए।
लक्ष्मण आचार्य वाराणसी के पुराने नेताओं में शुमार
आचार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी के रहने वाले हैं। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए वाराणसी से एक नया चेहरा पेश करने की योजना बनाई थी। लगभग दो महीने पहले यूपी बीजेपी ने अपने काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव को संगठनात्मक ढांचे से हटा दिया था, उनकी जगह दिलीप सिंह पटेल को नियुक्त किया गया था, जो चुनार क्षेत्र के मिर्जापुर के मगरहा गांव से हैं। श्रीवास्तव एमएलसी पद के नामांकन के प्रमुख दावेदारों में से एक थे।












Click it and Unblock the Notifications