UP वालों के लिए बड़ी सौगात, कनेक्टिविटी होगी बेहतर! 112 किलोमीटर का एलिवेटेड हाइवे जल्द होगा तैयार
UP Elevated Highway: उत्तर प्रदेश में यात्रा और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाला एक बड़ा प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में 112 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड हाइवे बनाया जा रहा है, जो बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को मुंबई की दिशा से जोड़ देगा। यह हाईवे पूरा होने पर यूपी में तेज सफर का नया रिकॉर्ड बना सकता है।
कानपुर-महोबा-कबरई ग्रीन फील्ड हाइवे को बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है। पूरा हाइवे एलिवेटेड बनाया जाएगा और महोबा, घाटमपुर और हमीरपुर में चढ़ने-उतरने के लिए खास रैंप तैयार किए जाएंगे।

दिल्ली से कनेक्टिविटी भी होगी आसान
इस हाईवे को सीधे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को भी तेज और आसान रूट मिलेगा। लगभग 4,000 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से नौबस्ता-हमीरपुर रूट पर ट्रैफिक जाम और हादसे कम होने की उम्मीद है।
93 गांवों में जमीन अधिग्रहण जारी
प्रोजेक्ट का डिजाइन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को अंतिम मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर और महोबा के 93 गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत कुल 1139 हेक्टेयर जमीन ली जानी है। हाईवे का निर्माण NHAI करेगा और कोशिश है कि इस वित्तीय वर्ष में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाए।
कम भीड़ वाला नया ट्रैक, सफर और व्यापार दोनों को फायदा
ग्रीन फील्ड हाइवे का मकसद भीड़भाड़ वाले इलाकों से हटकर नया मार्ग बनाना है, ताकि दूरी और ट्रैफिक दोनों कम हों। कानपुर-कबरई एलिवेटेड हाइवे इसी सोच पर आधारित है। इसके बन जाने के बाद बुंदेलखंड में औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। यह हाइवे छतरपुर, भोपाल होते हुए आगे मुंबई के आर्थिक कॉरिडोर से जुड़ जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी कई गुना बेहतर हो जाएगी।
यह प्रोजेक्ट वर्ष 2021 में केंद्र सरकार से मंजूर हुआ था और अब चार साल बाद यह ऐसी स्टेज पर पहुंच चुका है जहां से आने वाले वर्षों में बुंदेलखंड की तस्वीर बदल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications