10 करोड़ रुपए की एम्बरग्रीस के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार, यूपीएसटीएफ ने लखनऊ से की गिरफ्तारी
लखनऊ, सितंबर 07। यूपीएसटीएफ ने एम्बरग्रीस की तस्करी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं उन चारों के पास से बरामद हुई एम्बरग्रीस की कीमत लगभग 10 करोड़ रुपए बताई गई है। यह जानकारी यूपीएसटीएफ की ओर से ट्विटर के जरिए दी गई है।

10 करोड़ की एम्बरग्रीस हुई बरामद
यूपी एसटीएफ के ट्वीट के मुताबिक, पांच सितंबर 2022 को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत प्रतिबंधित एम्बरग्रीस की तस्करी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यो 10 करोड़ रुपए की एम्बरग्रीस के साथ लखनऊ के गोमतीनगर एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 4.120 किग्रा. एम्बरग्रीस बरामद हुई है। आपको बता दें कि 1972 का वन्यजीव (संरक्षण) एक्ट 'व्हेल की उल्टी' की बिक्री पर रोक लगाता है, जो इत्र के लिए एक मांग वाला घटक है।
एम्बरग्रीस क्या है?
आपको बता दें कि एम्बरग्रीस व्हेल का एक स्पर्म है जो व्हेल की आंतों से उत्पन्न होता है। इसे फ्लोटिंग गोल्ड या फिर व्हेल की उल्टी भी कहा जाता है। इसे अक्सर दुनियाभर की सबसे अजीब प्राकृतिक घटनाओं में से एक के रूप में पहचाना जाता है।
इस "फ्लोटिंग गोल्ड" के लिए गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी कोई असामान्य घटना नहीं है। इस साल अवैध रूप से एम्बरग्रीस बेचने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस ठोस मोमी पदार्थ की अक्सर तस्करी की जाती है, क्योंकि यह सोने से भी अधिक महंगा होता है।
इस साल जुलाई में केरल में मछुआरों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर 28 करोड़ रुपये की एम्बरग्रीस देखी गई थी। इन मछुआरों ने इसे स्थानीय अधिकारियों को सौंप दिया। खबर के वायरल होने के बाद मछुआरों के ग्रुप को सभी लोगों से तारीफ मिली थी।
आपको बता दें कि एम्बरग्रीस मोमी, ठोस और ज्वलनशील पदार्थ है जिसका उपयोग सौंदर्य प्रसाधन और दवाओं को बनाने में किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications