UP School Closed: यूपी में इस तारीख तक 12 वीं तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद, सीएम योगी ने दिए सख्त आदेश
UP School Closed: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (28 दिसंबर) को राज्य में बढ़ती शीतलहर और पड़ रही कड़ाके की ठंड के मद्देनजर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया।यह निर्देश कक्षा 12वीं तक के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा, जिससे विद्यार्थियों और अध्यापकों को राहत मिलेगी।
इस आदेश के दायरे में ICSE, CBSE और यूपी बोर्ड के सभी स्कूल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा इस कड़ाके की ठंड में सबसे महत्वपूर्ण है, और इस संबंध में किसी भी तरह की लापरवाही कतई सहन नहीं की जाएगी। सीएम योगी ने जिला प्रशासन को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के सभी जिलों को आदेश दिए हैं।

इस संबंध में बेसिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यार रहे कई जिलों में डीएम के आदेश से पहले स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए थे। वहीं अब सीएम के आदेश पर 1 जनवरी 2026 तक 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।
क्या प्री-बोर्ड या प्रैक्टिकल परीक्षाएं भी नहीं होगीं?
हालांकि, इस आदेश में कुछ स्पष्टीकरण भी दिए गए हैं। जिन स्कूलों में प्री-बोर्ड या प्रैक्टिकल परीक्षाएं चल रही हैं, वे यथावत जारी रहेंगी। परीक्षा के दिनों में छात्रों को स्कूल आने की अनुमति होगी, लेकिन सामान्य शैक्षणिक कक्षाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा देने वाले छात्रों को ठंड से बचाव के पर्याप्त उपाय मिलें।
यूपी में अगले कुछ दिनों तक शीतलहर का है अलर्ट
यह महत्वपूर्ण निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है, क्योंकि बीते कुछ दिनों से प्रदेश में कपकपा देने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक शीतलहर जारी रहने का अलर्ट जारी किया है।
शीतलहर से निपटने के लिए सीएम ने दिए सख्त आदेश
शीतलहर से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने केवल स्कूलों को बंद करने के अलावा, अधिकारियों को कई उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हकीकत का आकलन करने को कहा है।
अलाव और कंबल की व्यवस्था करने का दिया आदेश
सीएम ने हर जिले में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और पर्याप्त कंबलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। रैन बसेरों के बेहतर संचालन और यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे न सोए।
सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जरूरतमंदों तक समय पर राहत सामग्री और आश्रय पहुंचाएं, ताकि कोई भी गरीब ठंड से कष्ट न पाए।
यूपी में मौसम विभाग ने 40 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के लगभग 40 जिलों के लिए अगले 24 घंटों के दौरान बेहद घने कोहरे की चेतावनी जारी की है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात व नगर, रायबरेली, अमेठी तथा सुल्तानपुर में कोहरे की सघनता इतनी रहेगी कि दृश्यता लगभग शून्य हो सकती है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी घना कोहरा छाया रहेगा।
पूरे राज्य के कई शहरों में 'कोल्ड डे' की स्थिति बनी रहेगी। प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, आगरा, मुरादाबाद, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर कड़ाके की ठंड बनी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications