ग्रेटर नोएडा में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, 25 लड़के-लड़कियां गिरफ्तार
गौतमबुद्ध नगर, अगस्त 23। यूपी पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में एक अवैध हुक्का बार पर रेड मारी है। पुलिस की यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा के अंसल मॉल के बाहर चल रहे अवैध हुक्का बार पर हुई है। पुलिस ने यहां से 25 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें तीन हुक्का बार के मालिक भी शामिल हैं। आपको बता दें कि पुलिस ने यह कार्रवाई सोमवार देर रात को की। बता दें कि नोएडा में हुक्का कई सालों से प्रतिबंधित है।

मौके से शराब और बीयर भी बरामद
ग्रेटर नोएडा के पुलिस कमिश्नर अभिषेक वर्मा ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "हमने यहां लूसिफ़ेर रेस्तरां और बार में एक अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ किया है। यहां बिना कानूनी अनुमति के हुक्के के साथ-साथ शराब भी परोसी जा रही थी। मौके से हमने शराब और बीयर की बोतलें बरामद की हैं। इसके अलावा 15 से अधिक हुक्के बरामद किए हैं और 25 लोगों को अरेस्ट किया है। इनमें लड़के और लड़कियां शामिल हैं।
एक्साइज विभाग के अधिकारी भी पहुंचे थे
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम के साथ-साथ एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारी भी इस छापेमारी में पहुंचे थे। पुलिस को देख लुसिफर बार एंड कैफे में एकदम से भगदड़ मच गई। पुलिस को कैफे में अधिकतर लड़के और लड़कियां हुक्का पीते हुए पाए गए। पुलिस ने वहां मौजूद सभी लड़के-लड़कियों को पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications