सिपाही भर्ती 2018: 10 लाख अभ्यर्थियों को दोबारा देनी होगी पुलिस भर्ती परीक्षा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने पुलिस एवं पीएसी के 41520 पदों पर भर्ती के लिए कराई गई दूसरी पाली की ऑफलाइन परीक्षा निरस्त कर दिया है। भर्ती बोर्ड को लापरवाही के चलते इलाहाबाद और एटा केंद्रों पर परीक्षा के गलत प्रश्नपत्र बांट दिए जाने के कारण दोनों दिनों की दूसरी पाली की पूरी परीक्षा ही निरस्त करनी पड़ी। अब 10 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को दूसरी पाली की परीक्षा दोबारा देने होगी। परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा भर्ती बोर्ड की ओर से जल्द ही कर दी जाएगी।

बता दें कि यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने नागरिक पुलिस में पुरुष व महिला सिपाही और पीएसी में पुरुष सिपाही के पदों पर सीधी भर्ती 2018 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा बीती 18 व 19 जून को दो पालियों में कराई थी, जो कि प्रदेश के 860 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा होने के दो-तीन दिनों बाद ही कुछ स्थानों से यह सूचना आई कि पहली और दूसरी पाली में जो प्रश्नपत्र बांटे गए हैं, उनमें अंतर नहीं था। दोनों पालियों में एक ही प्रश्नपत्र बांट दिए गए। उनमें सिर्फ इतना अंतर था कि 150 सवालों के क्रम बदले हुए थे।
भर्ती बोर्ड के मुताबिक, जांच में पता चला कि इलाहाबाद जिले के परीक्षा केंद्र गुरु माधव प्रसाद शुक्ला इंटर कॉलेज में 18 जून को पहली पाली में दूसरी पाली की पेटी खोलकर और दूसरी पाली में पहली पाली की पेटी खोलकर प्रश्नपत्र बांटें गए थे। इसी तरह 19 जून को एटा के श्री पीपीएस कॉलेज में पहली पाली में दूसरी पाली और दूसरी पाली में पहली पाली का प्रश्नपत्र बांटा गया था।
सूचना मिलने पर बोर्ड में नियुक्त अनुसचिव भर्ती-3 ने भी इसकी जांच की तो इसकी पुष्टि हुई। बोर्ड ने सभी पहलुओं की जांच की तो ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया कि किसी परीक्षार्थी को इससे लाभ मिला होगा, लेकिन परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 18 व 19 जून को दूसरी पाली में प्रदेश के सभी 860 केंद्रों पर हुई परीक्षा को निरस्त करते हुए दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications