लुटेरी दुल्हन का शिकार हुआ पुलिसकर्मी, Income Tax Officer बनकर दोस्ती, फिर शादी और फिर...
उत्तर प्रदेश के कानपुर में फिर से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहां एक शातिर महिला ने अपने आप को इनकम टैक्स अफसर बताकर कई लोगों से शादी की और फिर उन्हें ठग लिया। हाल ही में इस लुटेरी दुल्हन ने एक पुलिस कांस्टेबल को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद पुलिस इस शातिर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कानपुर के खुशीपुरा कचहरी की रहने वाली इस शातिर महिला के कई नाम हैं, जैसे शिवांगी सिसोदिया उर्फ सविता देवी उर्फ सविता शास्त्री उर्फ पिंकी। शिवांगी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के जरिये यूपी पुलिस के एक सिपाही से 2021 में दोस्ती की। उसने सिपाही से इनकम टैक्स अफसर बनकर बात की।

इसके बाद शिवांगी ने पीड़ित सिपाही से प्यार का नाटक किया और फिर शादी का प्रस्ताव रखा। उधर, चूंकि सिपाही शिवांगी पर भरोसा कर चुका था तो उसन भी शादी के लिए हामी भर दी। तभी शिवांगी ने एक लग्जरी कार खरीदकर शादी में दिखाने की बात कहते हुए सिपाही यानी अपने होने वाले मंगेतर से साढ़े छह लाख रुपए की डिमांड कर दी।

जिसके बाद शादी तो हो गई लेकिन कार नहीं आई। पीड़ित सिपाही भी शिवांगी को पत्नी मानकर सब कुछ भूल गया। लेकिन फिर एक दिन शिवांगी ने अपना ट्रांसफर झाँसी होने की बात कही। सिपाही भी शिवांगी की बातों में आ गया और शिवांगी झांसी चली गई। फिर एक दिन सिपाही अपनी पत्नी शिवांगी से मिलने झाँसी पहुंचा तो उसके होश उड़ गए।

दरअसल, एक शख्स पहले से शिवांगी के साथ मौजूद था जिसने शिवांगी को अपनी पत्नी बताया। सिपाही को पहले तो कुछ समझ नहीं आया लेकिन फिर उस शख्स ने बताया कि उसके और शिवांगी के दो बच्चे भी हैं। तभी सिपाही को शक हुआ और फिर पूरे रहस्य से पर्दा उठ गया। फिलहाल पुलिस ने शिवांगी को सरकारी पद बताकर गुमराह और ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें कि यूपी में यह मामला कोई नया नहीं है, हाल ही में बनारस से एक ऐसा ही आरोपी पकड़ा गया था, जो सोशल मीडिया के माध्यम से अपने आपको यूपी पुलिस का दारोगा बताकर भोली भाली लड़कियों को अपने जाल में फसाता था और शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी कर के फरार हो जाता था। कुछ ऐसा ही शिवांगी भी कर रही थी, जो अपने आपको इनकम टैक्स का अफसर बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाती थी।












Click it and Unblock the Notifications