कौन कहता है UP Police नहीं रहती एक्टिव? एक फोन पर पहुंच गई 10 रुपए दिलवाने
UP police News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिस पर आपको यकीन नहीं होगा। हरदोई जिले में एक व्यक्ति ने सिर्फ इसलिए पुलिस को फोन कर दिया क्योंकि उस पर डेढ़ साल से 10 रुपए बकाया थे और ग्राहक पैसे नहीं दे रहा था।
दुकानदार द्वारा फोन किए जाने के बाद पुलिस वहां पहुंची और पैसे दिलवाए। यह पूरा मामला हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के बरंडारी गांव का है। इस मामले को जानने के बाद लोगों का कहना है कि पुलिस के पास हर छोटी बड़ी समस्या का समाधान होता है।

दरअसल, बरंडारी गांव के रहने वाले जितेंद्र का कहना है कि उसके गांव का ही रहने वाला संजय नामक युवक उसकी दुकान से दस रुपए का पान मसाला लिया हुआ था। जितेंद्र उससे कई बार रुपए मांगा लेकिन वह नहीं दे रहा था। समय गुजरता गया और धीरे-धीरे डेढ़ साल बीत गया।
शनिवार को संजय एक बार फिर जितेंद्र की पान की दुकान पर पहुंचा था। इस दौरान बकाया रुपए को लेकर जितेंद्र और संजय में कहासुनी होने लगी। संजय द्वारा रुपए न देने की बात कही गई जिस पर जितेंद्र नाराज हो गया और उसने तत्काल 1112 डायल कर दिया।
फोन करने के बाद उसने बताया कि उसकी दुकान पर एक युवक रुपए नहीं दे रहा है और विवाद कर रहा है। कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने के बाद पीआरवी में तैनात पुलिसकर्मी उसके दुकान पर पहुंचे। दुकान पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों की बात सुनी।
उसके बाद संजय ने यह स्वीकार किया कि डेढ़ साल पहले 10 रुपए बाकी हैं। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही उसने जितेंद्र को 10 रुपए वापस कर दिए हैं। पूरा मामला सुनने के बाद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। अब यह मामला लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल, मामले की पूरी जानकारी लेने और हल निकल जाने तथा कॉलर के संतुष्ट होने के बाद पीआरवी के पुलिसकर्मी वहां से वापस लौट गए।












Click it and Unblock the Notifications