यूपी पंचायत चुनाव: 400 उम्मीदवारों की सूची जारी कर आप प्रभारी संजय सिंह ने कहा- जल्द आएगी दूसरी लिस्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत में उतरने का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को 400 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि जिन उम्मीदवारों को पार्टी ने चुना है, वे सबके सब मजबूत हैं और लंबी प्रकिया से गुजरने के बाद उनको पंचायत चुनाव में उतारने का फैसला लिया गया है। कहा कि यूपी का पंचायत चुनाव भारत का सबसे बड़ा पंचायत चुनाव है।

यूपी प्रभारी संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी पंचायत चुनाव और जिला पंचायत चुनाव में भागीदारी करेगी। आज पहली सूची जारी की जा रही है। उम्मीदवारों के चयन पर संजय सिंह ने कहा कि पिछले 8 महीनों की मेहनत से हर जिले में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अच्छे और ईमानदार प्रत्याशियों को चुना है। उम्मीदवारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पार्टी की प्राथमिकता यही है कि जो लोग जिला पंचायत चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेंगे, जमीन पर अच्छा काम करके दिखाएंगे उनको आलाकमान आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने पर भी विचार करेगा।
संजय सिंह ने कहा कि पार्टी जल्दी ही दूसरी सूची जारी करेगी। इस बार पंचायत चुनाव में आप तीन हजार प्रत्याशियों को आजमाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान पद के लिए भी उम्मीदवारों को पार्टी मैदान में उतारेगी। उन्होंने पंचायत चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया। कहा कि महंगाई से प्रदेश की जनता परेशान है, किसान सड़क पर है, कानून व्यवस्था खराब स्थिति में है।
भाजपा पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने भाजपा के उस बयान का स्वागत किया था जिसमें कहा गया था कि पार्टी सिंबल पर पंचायत चुनाव कराया जाय। लेकिन भाजपा इस बात से मुकर गई। भाजपा को डर है कि अगर वह पंचायत चुनाव में पार्टी सिंबल से उतरेगी तो किसान आंदोलन की वजह से बुरी तरह से पराजित होगी। अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल की चर्चा करते हुए संजय सिंह ने कहा कि इसमें जो विकास की अवधारणा है वह जमीनी स्तर पर परिवर्तन की अवधारणा है और यह जिला पंचायत के जरिए ही संभव है।












Click it and Unblock the Notifications